भोपाल। नवयुग प्रवर्तक बहुउद्देश्यीय सर्व कल्याण समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय "बुंदेली समागम" का सोमवार को समापन हो गया। इसका मुख्य उद्देश्य बुंदेलखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और कला को संरक्षित और प्रचारित करना था। इस दौरान बुंदेलखंड की विविधता और कला की झलक देखने को मिली, जिसने सभी का मन मोह लिया।

बुंदेली संवाद: समापन सत्र में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता, साहित्यकार आशुतोष राणा ने बुंदेली संवाद किया। उन्होंने बुंदेलखंड की संस्कृति, उसकी परंपराओं और भाषा पर जोर देते हुए कहा कि बुंदेलखंड की धरोहर को सहेजने के लिए इस तरह के आयोजनों का होना अत्यंत महत्वपूर्ण है।सभ्यता और संस्कृति के बारे में बताते हुए कहा कि हमारा बहुत सम्रद्ध इतिहास है।

खजुराहो में बनेगी फिल्म सिटी
कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक हस्तियों ने भी भाग लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने घोषणा की कि खजुराहो में एक फिल्म सिटी की स्थापना की जाएगी, जो न केवल क्षेत्र के विकास में सहायक होगी, बल्कि स्थानीय कलाकारों को भी प्रोत्साहित करेगी। वही उन्होंने बुन्देलखण्ड में टूरिज्म सर्किट विकसित करने की बात भी कही। डॉ. मोहन सरकार में पशुपालन मंत्री लखन पटेल ने संवाद के दौरान कहा कि बुंदेलखंड सिंचाई के मामले में जल्द ही पंजाब को पीछे छोड़ देगा।