MP News: केंद्रीय कृषि मंत्री बनाए जाने के बाद मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार 16 जून को पहली बार भोपाल पहुंच रहे हैं। शिवराज सिंह के साथ केंद्र में मंत्री बनाए गए  एमपी के सभी 6 सांसदों का भोपाल में भव्य स्वागत होगा। रविवार शाम 5 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में अभिनंदन किया जाएगा। मंत्रियों के  समर्थकों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में पोस्टर लगाए हैं।

इन 6 मंत्रियों का होगा स्वागत
भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में होने वाले स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री के साथ प्रदेश कोर ग्रुप के सदस्य मौजूद रहेंगे। बता दें कि नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में मध्यप्रदेश के 6 सांसदों को बतौर मंत्री जगह मिली है। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, टेलिकॉम व नॉर्थ ईस्ट रीजन डेवलपमेंट मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के साथ ही जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, महिला बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री और एमपी से राज्यसभा सांसद एल मुरुगन भोपाल आएंगे।  

बीजेपी ऑफिस में होगा स्वागत
MP भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष की ओर से सभी प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों को पत्र लिखा है। 16 जून को शाम 5 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में मप्र से मंत्री बने सभी 6 सांसदों का स्वागत किया है।

शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल पहुंचेंगे शिवराज, ग्वालियर में भी होगा स्वागत
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री बनने के बाद पहली बार शिवराज सिंह चौहान 16 जून को भोपाल पहुंचेंगे। दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से रवाना होकर दोपहर सवा दो बजे भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ता काफिले के साथ शिवराज का स्वागत करेंगे। विदिशा से भी भाजपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भोपाल आकर शिवराज सिंह का स्वागत करेंगे। ग्वालियर स्टेशन पर भी शिवराज के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने बड़ी तैयारी की है।