Logo
सावन सोमवार यानी 22 जुलाई से 2 सितंबर तक पहली से बारहवीं तक के स्कूल रविवार को लगेंगे। जबकि सोमवार को अवकाश रहेगा। सावन महीने में भगवान महाकाल की निकलने वाली सवारी को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

MP News: छात्रों की पढ़ाई वाधित न हो इसके लिए उज्जैन जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। सावन सोमवार यानी 22 जुलाई से 2 सितंबर तक पहली से बारहवीं तक के स्कूल रविवार को लगेंगे।  जबकि सोमवार को अवकाश रहेगा। सावन महीने में भगवान महाकाल की निकलने वाली सवारी को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। दरअसल, सवारी में भीड़ को देखते हुए रास्ते बंद कर दिए जाते हैं।

बता दें कि सावन और भादौ के माहीने में भगवान महाकाल की हर सोमवार कुल 7 सवारियां निकाली जाएंगी। इनमें से पांच सवारी सावन में और दो सवारी भादौ महीने की होंगी। महाकाल की सवारी शाम 4 बजे निकाली जाएगी। इस दौरान जनजातीय कलाकारों का दल भी रहेगा। दो चलित रथ के माध्यम से लाइव प्रसारण होगा। शनिवार को जिला प्रशासन ने महाकाल की सवारियों की तैयारियों को लेकर संकुल भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

रोजाना दो लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
कलेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि सावन महीने में रोजाना करीब दो लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। एक घंटे में सुलभ दर्शन का प्लान तैयार किया है। रात 2 बजे होने वाली भस्म आरती में रोजाना करीब 15 हजार भक्त भगवान महाकाल के दर्शन कर सकेंगे। इसमें चलित व्यवस्था भी शामिल है।

जल पात्र से जल अर्पित कर सकेंगे भक्त
भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जल पात्र रखा गया है। इसमें जल अर्पित करने की ट्रे की संख्या बढ़ा दी गई है, ताकि अधिक संख्या में श्रद्धालु जल अर्पित करेंगे। यह जल पाइप के माध्यम से गर्भगृह में लगे अभिषेक पात्र के माध्यम से महाकालेश्वर को समर्पित होगा। 

5 ड्रोन, 2000 से ज्यादा जवान तैनात होंगे
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया, ‘ सवारी में सुरक्षा के लिए दो हजार से ज्यादा पुलिस बल और वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। सवारी मार्ग में विभिन्न गलियों का वेरिफिकेशन किया जा चुका है। रविवार सुबह से भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। 5 ड्रोन के माध्यम से सवारी मार्ग की निगरानी होगी।

सुगम दर्शन और यातायात प्रबंधन के लिए डबल लेयर बैरिकेडिंग की गई है। यातायात के लिए बफर जोन भी बनाया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध लोगों की जांच कर बाउंड ओवर और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। एसपी ने बताया कि पार्किंग व्यवस्था में प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जो सुनिश्चित करेंगे कि श्रद्धालुओं से अधिक शुल्क न लिया जाए।

5379487