Logo
MP Nursing Scam: मध्यप्रदेश में नर्सिंग कॉलेज घोटाले के विरोध की आवाज बुलंद होती जा रही है। शुक्रवार को दिग्विजय सिंह और PCC चीफ जीतू पटवारी ने अशोका गार्डन TI की पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। कमिश्नर ने TI को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

MP Nursing Scam: मध्यप्रदेश में नर्सिंग कॉलेज घोटाले के विरोध की आवाज बुलंद होती जा रही है। कांग्रेस हमलवार है। मंत्री विश्वास सारंग पर FIR कराने कांग्रेसी सड़क पर उतर आए हैं। लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार को कांग्रेस के नेता आशोका गार्डन टीआई की शिकायत करने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और PCC चीफ जीतू पटवारी ने TI हेमंत श्रीवास्तव की भूमिका और दायित्व के बारे में पुलिस कमिश्नर से चर्चा की है। इसके बाद कमिश्नर ने TI को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।

सर्विस बुक का रूल तोड़ना कर्मचारियों का शौक
कमिश्नर से मुलाकात के बाद जीतू पटवारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव का पहला मुद्दा ही संविधान की रक्षा का था। सर्विस बुक का रूल तोड़ना कर्मचारियों ने अपना शौक बना लिया है। अशोका गार्डन थाने में कल जो हुआ वो मैसेज है कि जो सर्विस बुक की शपथ है उसकी अवहेलना हुई है। अब तक टीआई को हटा देना चाहिए था। पटवारी ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी की मांग है कि या तो आप सर्विस बुक का पालन करो या कांग्रेस पार्टी को अपने निजी आयोजनों के लिए अनुमति दो।

जानें कल क्या हुआ था
बता दें कि नर्सिंग कॉलेज घोटाले को लेकर गुरुवार को भोपाल में कांग्रेसियों ने जमकर विरोध किया था। मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ FIR कराने के लिए कांग्रेसियों ने अशोका गार्डन थाने तक पैदल मार्च किया था। कांग्रेसी जब थाने पहुंचे तो परिसर में बने हनुमान मंदिर में भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं सुंदरकांड पाठ कर रहे थे। इसी बीच भाजपा और कांग्रेसियों में टकराव हो गया। किसी तरह मामला शांत हुआ। 

थाने से लौटने के बाद दिग्विजय ने क्या कहा था
थाने से लौटने के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा था कि थाने में सुंदरकांड का पाठ चल रहा था। मैं 10 साल सीएम रहा। ये कहीं नहीं लिखा कि थाने में सुंदरकांड हो सकता है। दिग्विजय ने कहा था कि टीआई ने बताया कि ये पुलिस ने आयोजित किया। फिर कहा, नरेश यादव के जन्मदिन पर पुलिस की ओर से पाठ किया गया है। हमारे कार्यकर्ताओं का जन्मदिन भी थानों में मनेगा। बकरा ईद और गुरुनानक जयंती भी मनेगी।

5379487