Krishna janmashtami 2024: मध्यप्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। कान्हा के जन्मोत्सव पर मंदिरों में भक्तों की भीड़ है। जिले, कस्बे, गली-मोहल्लों के मंदिरों में भव्य आयोजन हो रहे हैं। उज्जैन, भोपाल, इंदौर और ग्वालियर के श्रीकृष्ण मंदिरों में विशेष पूजा-आराधना हो रही है। बाबा महाकाल के दरबार को 700 किलो फूलों से सजाया गया है। ग्वालियर में जन्माष्टमी पर राधा-कृष्ण का 100 करोड़ के आभूषणों से शृंगार किया गया है। सांदीपनि आश्रम में कृष्ण की लीलाओं पर केंद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। नारायणा धाम में हर्षोल्लास और उमंग के साथ पर्व मनाया जा रहा है।

सीएम मोहन ने की गौसेवा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्री कृष्ण जन्माष्टममी पर भोपाल में 'गौ-सेवा' की। मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। 

श्री कृष्ण स्वरूप में महाकाल का शृंगार
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर कालों के काल बाबा महाकाल के दरबार में होने वाली भस्म आरती के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। बाबा महाकाल का श्री कृष्ण स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। गर्भगृह में फूलों का सिंहासन बनाया गया है। दीवारों पर फूलों की लड़ियों के साथ ही फूलों से बना छत्र और मोर पंख से सजावट की गई है। श्रद्धालुओं को भगवान विष्णु और शिव के दर्शन एक साथ होंगे।

सीएम मोहन यादव पहुंचेंगे गोपाल मंदिर 
उज्जैन के गोपाल मंदिर में सोमवार शाम 6 बजे बाबा की सवारी पहुंचेगी। जहां हरिहर मिलन होगा। रात 10 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गोपाल मंदिर में भगवान का दर्शन करेंगे। 12 बजे तक भगवान के दर्शन-पूजन, अभिषेक और आरती की जाएगी। 2 बजे तक मंदिर के पट खुले रहेंगे। सांदीपनि आश्रम आश्रम में भगवान कृष्ण की लीलाओं पर केंद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

धार में लोक गायन और रासलीला 
धार के अमझेरा स्थित अमका-झमका मंदिर में लोक गायन, रासलीला और भक्ति संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।  ग्वालियर में जन्माष्टमी पर राधा-कृष्ण का 100 करोड़ के गहनों से शृंगार किया गया है। आभूषण बेशकीमती रत्न हीरा, पन्ना, माणिक, मोती, पुखराज और नीलम जड़े हैं।

भोपाल और इंदौर के मंदिरों में भव्य आयोजन 
भोपाल के बिड़ला मंदिर में विशेष आयोजन होंगे। यह मंदिर सुबह से आधी रात के बाद तक खुला रहेगा। लखेरापुरा से निकलने वाले चल समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। नेहरू नगर के करुणा धाम मंदिर में भी विशेष आयोजन होंगे। इंदौर के जानापाव में जन्माष्टमी हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार भी यहां विशेष आयोजन होंगे। भक्ति संगीत और रासलीला का आयोजन किया जाएगा।