News in Brief, 4 January: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें
News in Brief, 4 January: मध्यप्रदेश में शनिवार (4 जनवरी) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (Haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी।;
![News in Brief, 4 January: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें MP today big hindi news READ on singal click of the 19 April 2025 Saturday](https://img.haribhoomi.com/uploadimage/library/16_9/16_9_5/IMAGE_1710302690.webp)
News in Brief, 4 January: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।
मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update
बाबा महाकाल का राजा स्वरूप में शृंगार
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में कपाट शनिवार को सुबह 4 बजे खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। भगवान महाकाल के मस्तक पर त्रिशूल चंद्र अर्पित कर भांग, चंदन, और आभूषणों से राजा स्वरूप में शृंगार किया गया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला धारण की। बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।
सीएम मोहन यादव आज कहां, कब जाएंगे
सीएम डॉ. मोहन यादव सुबह 11.15 बजे भोपाल के संचालनालय सामाजिक न्याय विभाग जाएंगे। जहां वह अस्थिबाधित दिव्यांगजन को निःशुल्क ई-साईकिल वितरित करेंगे। दोपहर एक बजे विदिशा जिले के लटेरी पहुंचेंगे। लटेरी को मिली सौगातों के लिए जनता उनका अभिनंदन करेगी। मुख्यमंत्री शाम 4 बजे मुरैना पहुंचेंगे। जहां चंबल अभयारण्य में चंबल नदी और घड़ियाल सेंचुरी की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। यहां मध्य प्रदेश के साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश से लगे चंबल अभयारण्य को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार होगी।
मुख्यमंत्री का पहला जन संवाद 13 जनवरी को
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जनसंवाद 13 जनवरी को प्रस्तावित है। यह मुख्यमंत्री निवास पर होगा। इसमें मुख्यमंत्री प्रदेश के चुनिंदा लोगों के साथ बातचीत करेंगे। उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उसके निराकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगेंगे। यह मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पहला जन संवाद होगा, जो हर माह किसी भी एक दिन होगा। सरकार इस संवाद के लिए जन संवाद नामक पोर्टल खोलने जा रही है। मुख्यमंत्री 5 जनवरी को उक्त पोर्टल को लांच कर सकते हैं। लोगों को उक्त पोर्टल के जरिए आवेदन करने होंगे। जिनकी स्क्रूटनी होगी, इसके बाद ही मुख्यमंत्री से मुलाकात हो सकेगी।
एमपी खनिज ब्लॉक की नीलामी में देश में नंबर वन
मध्यप्रदेश सबसे अधिक खनिज ब्लॉक्स की नीलामी कर देश में पहले स्थान पर आ गया है। मुख्य खनिज के 20 ब्लॉकों की नीलामी के लिए खनिज संसाधन विभाग द्वारा सूचना जारी की गई है। इसकी कार्यवाही जारी है। इसके साथ गोल्ड के 4 ब्लॉक, कॉपर का एक और मैग्नीज खनिज के 16 ब्लॉक अभी तक सफलतापूर्वक नीलाम किए गए हैं। इससे न केवल राजस्व में बढ़ोत्तरी होगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2023-24 के मुकाबले खनिज राजस्व संग्रह में 23 प्रतिशत की वृद्धि हुई। प्रदेश में पहली बार खनिज राजस्व संग्रह 5 अंकों में पहुंच गया। वित्तीय वर्ष 2023-24 में इस अवधि में 4 हजार 958 करोड़ 98 लाख रुपये राजस्व मिला था। जबकि वर्ष 2024-25 में यह राजस्व 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
कलेक्टर 22 जनवरी तक पूरा करें जन कल्याण अभियान
जिलों के कलेक्टरों को जन कल्याण अभियान और पर्व के तहत दिए गए लक्ष्य 22 जनवरी तक पूरे करने होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसके निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के कल्याण की योजनाओं के लाभ प्राथमिकताओं के आधार पर दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में जिला किस तरह अग्रणी हो, इसके लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा हो। कलेक्टर की पहचान काम और जनकल्याण के आधार पर ही बनेंगी। कुछ क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियों का आवश्यक प्रचार भी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से किया जाए, ताकि दूसरे अधिकारियों और अन्य सभी को प्रेरणा मिले।
इसे भी पढ़ें: Bhopal News in Brief, 4 January: भोपाल में आज कहां क्या हुआ? एक क्लिक में पढ़ें जरूरी खबरें
एमपी पुलिस के नव-आरक्षकों को RGPV सिखाएगी कम्प्यूटर
पुलिस नव आरक्षकों को मॉडर्न टेक्निकल स्किल के लिए कंप्यूटर का बेसिक नॉलेज देने एमपी पुलिस अब आरजीपीवी की मदद लेगी। इससे पुलिस बल की फील्ड वर्किंग को अधिक प्रभावी और सुगम बनाया जा सकेगा। इसके लिए भौंरी स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल और राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के बीच एमओयू साइन किया गया। अगले 5 साल के लिए एमओयू किया गया है। इसका मकसद नव आरक्षकों को बेसिक कंप्यूटर अवेयरनेस सर्टिफिकेट कोर्स देना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम मार्च 2025 से शुरू होगा। प्रशिक्षण से नव आरक्षकों को डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुसार कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी। इस समझौते से प्रदेश के पुलिस बल की दक्षता को नई ऊंचाई तक ले जाने की दिशा में सफलता मिलेगी।
मध्यप्रदेश वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन का आयोजन 11 से
एमपी वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा प्रथम फैथ कप 50 प्लस ऑल इंडिया मास्टर्स क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 11 से 14 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। फैथ क्रिकेट ग्राउंड के दोनों मैदानों पर खेली जाने वाली प्रतियोगिता में देशभर से नामी-गिरामी क्रिकेटर्स पार्टिसिपेट करेंगे। इसमें देशभर से 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें नार्थ जोन, वेस्ट जोन, सेंट्रल स्ट्राइकर रेड, सेंट्रल स्ट्राइकर ब्ल्यू, रेस्ट ऑफ इंडिया-ए, रेस्ट ऑफ इंडिया-बी शामिल हैं। भोपाल की सेंट्रल टीम को भी रखा गया है। शनिवार सुबह फेथ मैदान पर 50 प्लस की दो टीमों के बीच प्रैक्टिस मैच खेला जाएगा। दोपहर 12 बजे ट्रॉफी और टीम की यूनिफार्म का अनावरण किया जाएगा।
शिक्षा को गति देने प्रयागराज महाकुंभ में होगा मंथन
प्रयागराज महाकुंभ देशभर में शिक्षा व्यवस्था को गति देगा। इसके लिए महाकुंभ में चिंतन-मंथन होंगे। राष्ट्रीय सम्मेलन भी कराए जाएंगे। इसके अलावा भी अलग-अलग स्तरों पर भारतीय शिक्षा को मजबूत करने के प्रयास होंगे। ये काम देश के शिक्षा जगत से छात्र, आचार्य, शिक्षाविद्, शोधार्थी, शिक्षा से जुड़े शासन-प्रशासन के पदाधिकारी, निजी शैक्षिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मिलकर करेंगे। इसका नेतृत्व शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास करेगा। इसके लिए 10 जनवरी से 10 फरवरी के बीच ज्ञान महाकुंभ होगा। यह जानकारी शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी ने शुक्रवार को भोपाल में मीडिया से बातचीत में कही।
नए साल में सरकार ने लिया 5 हजार करोड़ का कर्ज
राज्य सरकार ने नए साल में फिर से कर्ज लिया है। यह कर्ज 5 हजार करोड़ रुपए का है। दो 2500-2500 करोड़ की किस्तों में लिया गया है। सरकार ने इस कर्ज को क्रमश: 13 और 22 साल में चुकाएगी। राज्य के खजाने की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। सरकार के खर्चे कम होने के बजाय बढ़ते जा रहे हैं, वहीं खजाने का बोझ बढ़ा है। ऐसे में विकास कार्य चलते रहने के लिए सरकार लगातार कर्ज ले रही है। बजट से ज्यादा राज्य पर कर्ज का बोझ बढ़ा है। अब यह कर्ज बढ़ते-बढ़ते कर्ज 3.77 लाख करोड़ तक जा पहुंचा है। खर्च के लिए जब-जब रकम कम पड़ी सरकार ने कर्ज लिया। कर्ज लिए जाने का क्रम लगातार जारी है।
मुरैना: कुत्ते पर गोबर गिरा, दबंगों ने काटी महिला की नाक
सिर पर गोबर से भरा बोझा ढोते युवक से कुत्ते पर गंदगी गिरना दबंगों को इस कदर नागवार गुजरा कि उन्होंने दलित मां-बेटे की जमकर पीटा। लाठी-डंडे की पिटाई से भी जब उनका मन नहीं भरा तो फरसे से महिला की नाक काट दी। यह वारदात मुरैना जिले के अंबाह के खिरेंटा गांव की है। पुलिस ने मामले में 5 पर केस दर्ज कर दो को हिरासत में लिया है। शुक्रवार की सुबह 9 बजे दीपक माहौर (25) बोझे में गोबर फेंकने जा रहा था। घर के पास ही उस पर राजेश तोमर के पालतू कुत्ते ने हमला किया। इससे गोबर कुत्ते पर गिरा। राजेश ने कुम्हेर सिंह, अनिल, गबडू और प्रदीप सिसोदिया के साथ युवक की डंडे से पिटाई की। मां अनीता (48) माहौर अपने बेटे को बचाने आ गई। दबंगों ने पहले तो महिला को लाठियों से पीटा। उसके बाद नाक पर फरसे से वार किया, जिससे उसकी नाक कट गई।