National Highway Project in MP: मध्य प्रदेश में नेशनल हाईवे और फोरलेन का जाल बिछाया जा रहा है। NHAI ने हाल ही में भोपाल, ग्वालियर, सागर और विदिशा जिले में 4 हजार करोड़ के बायपास निर्माण को मंजूरी दी है। मंगलवार (8 अप्रैल) को NH-34 के उन्नयन की भी स्वीकृति मिल गई। 10 अप्रैल को केंद्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी धार जिले में 6123 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं।
शाहगढ़-दमोह हाईवे का उन्नयन
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने X पर पोस्ट कर बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के शाहगढ़-बक्सवाहा-नरसिंहगढ़-दमोह खंड को पेव्ड शोल्डर के साथ 2-लेन में अपग्रेड किया जाना है। करीब 63.50 किमी लंबे हाइवे का उन्नयन 531.84 करोड़ की लागत होगा। NHAI ने इसी मंजूरी दे दी है।
NH-34 पर 5 पुल और 4 बाईपास बनेंगे
केंद्रीय मंत्री गडकरी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग-34 मध्य प्रदेश को सीधे उत्तराखंड के गंगोत्री धाम से जोड़ता है। शाहगढ़-दमोह हाईवे के उन्नयन में 5 प्रमुख पुल और 4 बाईपास बनाए जाने हैं। यह बाईपास बक्सवाहा, भटेरा, नरसिंहगढ़ और पिपरिया चंपत में बनाए जाएंगे। जबकि, दमोह में 1.3 किमी लंबी सर्विस लेन बनाई जाएगी। इससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें: भोपाल, ग्वालियर और सागर समेत 5 शहरों में बनेंगे बायपास, नितिन गडकरी ने MP को दी बड़ी सौगात
4 हजार करोड़ से बनेंगे बायपास
केंद्र सरकार ने पिछले दिनों 4 हजार करोड़ से बाईपास निर्माण को मंजूरी दी है। इनमें 1,426 करोड़ की लागत से ग्वालियर पश्चिमी बाईपास (28.5 किमी) और 688 करोड़ की लागत से सागर बाईपास भी शामिल हैं। इनके अलावा भोपाल और विदिश में भी बायपास बनाए जाने हैं।
बदनावर में करेंगे शिलान्यास
केंद्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 10 अप्रैल को धार जिले के बदनावर आएंगे। इस दौरान वह मध्य प्रदेश को 6123 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात देंगे। नितिन गडकरी इस दौरान 218 किमी लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। यह हाईवे 3502 करोड़ से बनाए गए हैं। नितिन गडकरी इस दौरान 2630 करोड़ की लागत वाले 110 किमी लंबी नेशनल हाईवे की आधरशिला रखेंगे।