भोपाल (हरि अग्रहरि): मध्यप्रदेश, राजस्थान और केंद्र सरकार के बीच बुधवार को पार्वती-कालीसिंध-चंबल-ईआरसीपी लिंक परियोजना के संबंध में दिल्ली में त्रिपक्षीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। यह बैठक श्रमशक्ति भवन स्थित जल शक्ति मंत्रालय के कार्यालय में हुई। इसमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।  

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आकांक्षी नदी जोड़ो अभियान पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि इसी दिशा में मध्य प्रदेश और राजस्थान राज्यों के बीच पार्वती-कालीसिंध-चंबल-ईआरसीपी लिंक परियोजना पर बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है। केंद्र शासन के सहयोग से दोनों राज्यों ने 20 साल पुराने विवाद का हल निकाल लिया गया है और शीघ्र ही इस परियोजना के परिणाम दिखेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उम्मीद जताई है कि आने वाला समय मध्यप्रदेश और राजस्थान राज्यों के लिए अद्वितीय रहने वाला है। 

इसे भी पढ़ें: व्यापमं घोटाला:  45 परिवहन आरक्षकों की नियुक्तियां 12 साल बाद निरस्त, कांग्रेस ने मांगा शिवराज का इस्तीफा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल-ईआरसीपी लिंक परियोजना पर आज संपन्न हुई समीक्षा बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के सहयोग से दोनों राज्यों के बीच लंबित विवादों का निवारण कर लिया गया है। जल्द ही इस परियोजना का मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (एमओए) अनुबंध होने वाला है। दोनों राज्यों के हित में मध्यप्रदेश और राजस्थान मिलकर काम कर रहे हैं।