Madhya Pradesh News: रामलला के दर्शन कर अयोध्या से महाराष्ट्र लौट रही बस जबलपुर में पलटी, आठ यात्री घायल, ड्राइवर पर केस

Road accident in Jabalpur
X
पुलिस ने ड्राइवर पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
MP के जबलपुर में बड़ा हादसा होने से टल गया। भगवान श्रीराम के दर्शन कर अयोध्या से वापस महाराष्ट्र लौट रही टूरिस्ट बस जबलपुर में पलट गई। हादसा ड्राइवर को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। एक्सीडेंट में आठ यात्री घायल हुए हैं। तीन की हालत गंभीर है।

भोपाल। रामलला के दर्शन कर अयोध्या से वापस महाराष्ट्र लौट रही टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर जबलपुर में पलट गई। बस में सवार 18 में से आठ यात्री घायल हुए हैं। तीन की हालत गंभीर है। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसा पनागर थाना के मातेश्वरी ढाबे के पास सोमवार को सुबह हुआ। ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई थी, जिस कारण से बस सड़क किनारे पलट गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बस पलटते ही मच गई चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, अहमदनगर(महाराष्ट्र ) के रहने वाले 17-18 लोग टूरिस्ट बस से भगवान श्रीराम के दर्शन करने अयोध्या गए थे। दर्शन करने के बाद सभी लोग वापस अहमदनगर लौट रहे थे। सोमवार की सुबह जैसे ही बस नागपुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए पनागर के पास पहुंची, तभी मातेश्वरी ढाबे के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद बस में बैठे लोग चीखने लगे, आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत ही पनागर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया है।

पुलिस ने घायलों के परिजनों को दी जानकारी
पनागर थाना पुलिस के मुताबिक, दीपक बाघ, शीतल बाध, अनीता और शुभांगी की हालत नाजुक है। सभी का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को भी महाराष्ट्र में जानकारी दे दी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story