Logo
विंद्र सिंह 'विक्की' की अंतिम यात्रा 9 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे छोला विश्राम घाट से निकाली जाएगी। राजधानी के मीडिया, पत्रकारिता और सामाजिक संगठनों की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।

भोपाल: राजधानी के पत्रकारिता और प्रेस फोटोग्राफी जगत से आज सुबह एक बेहद दुखद खबर आई है। वरिष्ठ प्रेस फोटोग्राफर रविंद्र सिंह 'विक्की' का मंगलवार सुबह 6:30 बजे हमीदिया अस्पताल में निधन हो गया। हार्ट अटैक के बाद वह इलाज के लिए भर्ती थे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद वे इस दुनिया को अलविदा कह गए। वे मात्र 58 वर्ष के थे।

सीएम ने जताया दुख 
सीए डॉ. मोहन यादव ने राजधानी के वरिष्ठ प्रेस फोटोग्राफर रविंद्र सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने, बाबा महाकाल से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजन को असीम दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

बता दें, मीडिया बिरादरी अभी वरिष्ठ फोटोग्राफर देवेन्द्र दुबे के निधन के शोक से उबर भी नहीं पाई थी कि यह दूसरी बड़ी क्षति सामने आ गई है। राजधानी भोपाल के हर मीडियाकर्मी की आंखें आज नम हैं।

जुनूनी थे रविंद्र सिंह विक्की
रविंद्र सिंह विक्की ने वर्ष 1984 में एक रेल दुर्घटना में अपना एक पैर खोने के बाद भी हिम्मत और जुनून के साथ फोटो पत्रकारिता को जीवन का मकसद बना लिया। उन्होंने करीब 25 वर्षों तक दैनिक प्रदेश टाइम्स और 10 वर्षों से अधिक समय तक दैनिक हरिभूमि जैसे प्रमुख अखबारों में अपनी सेवाएं दीं।

उनका यह जुनून इतना प्रेरणादायक था कि उनके छोटे भाई पृथ्वीराज सिंह (वरिष्ठ फोटोग्राफर, दैनिक प्रदेश टुडे) और पुत्र भूपेन्द्र सिंह गोल्डी (द हितवाद) ने भी फोटोग्राफी को अपना करियर बना लिया।

पिता ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए
रविंद्र सिंह के पिता, शहीद स्व. रघुवीर सिंह ने 1977 में मिलिट्री सेवा के दौरान देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे। ऐसे वीर पिता के पुत्र और समर्पित फोटोग्राफर के रूप में रविंद्र का जीवन एक प्रेरणा था।

9 अप्रैल को निकलेगी अंतिम यात्रा 
उनकी अंतिम यात्रा 9 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे छोला विश्राम घाट से निकाली जाएगी। राजधानी के मीडिया, पत्रकारिता और सामाजिक संगठनों की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।

5379487