भोपाल। राज्यसभा चुनाव के लिए मध्यप्रदेश के सभी पांचों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। भाजपा के चार प्रत्याशी केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री एल मुरुगन, उमेशनाथ महाराज,  किसान नेता बंसीलाल गुर्जर और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया राज्यसभा सांसद चुने गए हैं। कांग्रेस के एक प्रत्याशी अशोक सिंह भी निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हुए हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय तय था। किसी ने नाम वापस नहीं लिया। जिसके बाद दोनों ही दलों के प्रत्याशियों को निर्विरोध चुन लिया गया। 

जानें पांचों राज्यसभा सांसद के बारे में A टू Z जानकारी 

  • 1:- डॉ. लोगनाथन मुरुगन  
     डॉ. लोगनाथन मुरुगन का जन्म केरल के नमक्कल पारामती में 29 मई 1977 को हुआ था। मुरुगन ने PHD तक की शिक्षा हासिल की है। पेशे से वकील हैं। भाजपा तमिलनाडु के अध्यक्ष भी रहे हैं। भारत सरकार के सूचना प्रसारण, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री हैं। मुरुगन को मध्यप्रदेश से दूसरी बार राज्यसभा सांसद चुना गया है। मद्रास विश्वविद्यालय से वकालत में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। मानवाधिकार कानून में डॉक्टरेट हैं। कॉलेज की पढ़ाई के दौरान ही मुरुगन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ गए थे। मुरुगन राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।  
  • 2:-बंसीलाल गुर्जर 
    मंदसौर से सटे लालघाटी के मूल निवासी बंसीलाल गुर्जर भाजपा भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और हुडको डायरेक्टर हैं। 63 साल के बंसीलाल गुर्जर पोस्ट ग्रेजुएट हैं। बंसीलाल वर्षों से संगठन के विभिन्न पदों पर काम कर रहे हैं। बंसीलाल भाजपा के जिलाध्यक्ष से लेकर प्रदेश महामंत्री, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। इसके अलावा किसान मोर्चा में ही लंबे समय से काम कर रहे हैं। लंबे समय तक वे मंदसौर कृषि मंडी अध्यक्ष रहे। पार्टी के आदेश पर गुर्जर मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात सहित अन्य प्रदेशों में लगातार चुनाव से लेकर संगठन के कार्यों में हमेशा सक्रिय रहें हैं। बंसीलाल की पत्नी रामादेवी गुर्जर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष हैं।  बंसीलाल अब राज्यसभा सांसद चुने गए हैं। 

  • 3:-माया नारोलिया
    60 साल की माया नारोलिया नर्मदापुरम की रहने वाली हैं। माया ने आर्ट्स से सेकंड ईयर तक की शिक्षा हासिल की है। फिलहाल भाजपा संगठन में महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष हैं। माया नारोलिया भाजपा में 40 साल से सक्रिय हैं। इससे पहले वह नर्मदापुरम में नगरपालिका अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। माया को राज्यसभा सांसद चुनकर भाजपा ने प्रदेश की आधी आबादी को भी बड़ा संदेश देने का काम किया है। बेटा विकास नारोलिया मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष व दो बार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रह चुकी हैं। 

  • 4:-उमेश नाथ महाराज
    59 साल के उमेश नाथ महाराज वाल्मीकि समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। उमेशनाथ को अब राज्यसभा सांसद चुना गया है। इनके पास आरएसएस प्रमुख से लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तक आशीर्वाद लेने आ चुके हैं। महाराज उज्जैन में वाल्मीकि धाम के पीठाधीश्वर हैं। वाल्मीकि समाज से आने वाले उमेश नाथ महाराज का समाज पर बड़ा प्रभाव है। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से लेकर गृहमंत्री अमित शाह तक उनसे आशीर्वाद लेते दिख चुके हैं। सिंहस्थ कुंभ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संत उमेश नाथ जी महाराज के साथ समरसता नहान भी किया था। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उनसे आशीर्वाद लेने पहुंचते थे। 7 जनवरी को सीएम डॉक्टर मोहन यादव वाल्मीकि धाम पहुंचे थे और महंत उमेश नाथ जी से मुलाकात कर उनके गुरु की समाधि के दर्शन किए थे। 

  • 5:-अशोक सिंह 
    अशोक सिंह ग्वालियर-चंबल क्षेत्र से आते हैं। उनकी उम्र लगभग 60 वर्ष है। ग्वालियर में कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया है। अशोक का व्यवहार मिलनसार है। अशोक सिंह को पहली बार राज्यसभा सांसद चुना गया है। अशोक सिंह मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष हैं। ग्वालियर से तीन बार लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। अशोक सिंह यादव समाज से ताल्लुक रखते हैं। वे बड़े कारोबारी माने जाते हैं।