भोपाल। मध्यप्रदेश की पांच सहित 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों पर 27 फरवरी को चुनाव होगा। इन सीटों के लिए कल यानी 15 फरवरी तक नामांकन किए जाएंगे। राज्यसभा चुनाव के लिए मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। मध्य प्रदेश से बीजेपी ने डॉक्टर एल मुरगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंशीलाल गुर्जर को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने एमपी से अशोक सिंह को प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि भाजपा के डॉ. एल मुरगन MP से दोबारा राज्यसभा जाएंगे। मध्यप्रदेश महिला बीजेपी मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया और किसान नेता बंशीलाल गुर्जर को भी उम्मीदवार बनाया है।  

चार बार लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं अशोक सिंह 
बता दें कि कांग्रेस से राज्यसभा उम्मीदवार के लिए मीनाक्षी नटराजन के नाम की भी चर्चा चल रही थी। सूत्रों की मानें तो मीनाक्षी के नाम पर एमपी कांग्रेस के नेता सहमत नहीं हुए और लंबी जद्दोजहद के बाद अशोक सिंह के नाम पर सहमति बन गई। अशोक सिंह ग्वालियर के रहने वाले हैं। वे मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष हैं। ग्वालियर से चार बार लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। अशोक सिंह यादव समाज से ताल्लुक रखते हैं। वे बड़े कारोबारी माने जाते हैं।

राज्यसभा चुनाव: जानें कब, क्या होगा
बता दें राज्यसभा चुनाव का नामांकन 15 फरवरी तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन की जांच 16 फरवरी को होगी। 20 फरवरी तक कैंडिडेट्स अपने नाम वापस ले सकते हैं। 27 फरवरी को मतदान होगा और 27 को ही शाम पांच बजे मतगणना होगी।  मालूम हो कि राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव राज्य विधान सभाओं के निर्वाचित सदस्यों की ओर से अप्रत्यक्ष तौर पर किया जाता है। राज्यसभा एक स्थायी सदन है। इसके एक-तिहाई सदस्य हर 2 साल में रिटायर हो जाते हैं, जिससे सदन के कामकाज में निरंतरता बनी रहती है। राज्यसभा सांसद का कार्यकाल 6 साल का होता है। 

MP में राज्यसभा की 11 सीटें, अप्रैल में पांच सीटें होंगी खाली 
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की 11 सीटें हैं। आठ पर बीजेपी और तीन पर कांग्रेस का कब्जा है। पांच सीटें अप्रैल में खाली हो रही हैं। इन सीटों पर अभी बीजेपी के धर्मेंद्र प्रधान, एल मुरुगन, कैलाश सोनी और अजय प्रताप सिंह हैं। वहीं, कांग्रेस के राजमणि पटेल हैं। प्रधान और मुरुगन केंद्रीय मंत्री हैं। केएल मुरुगन एमपी से थावर चंद गहलोत की सीट पर चुने गए थे, जब उन्हें 2021 में केरल का राज्यपाल बना दिया था। एमपी से बीजेपी के राज्यसभा सांसद में ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमिज्ञा वाल्मिकी, कविता पाटीदार और सुमेर सिंह सोलंकी हैं। सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल 2026 तक है। कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मिकी का कार्यकाल 2028 तक है। भाजपा के धर्मेंद्र प्रधान, डॉ. एल मुरुगन, अजय प्रताप सिंह और कैलाश सोनी का कार्यकाल दो अप्रैल 2024 को खत्म होगा। 

कांग्रेस से राजमणि की सीट होगी खाली 
कांग्रेस से राज्यसभा में विवेक तन्खा और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और राजमणि पटेल हैं। जानकारी के मुताबिक, राजमणि पटेल का कार्यकाल अप्रैल 2024 में खाली हो रहा है। दिग्विजय सिंह 2026 और विवेक तन्खा का 2028 तक राज्यसभा में अभी रहेंगे। राजमणि पटेल की सीट पर कांग्रेस ने अशोक सिंह को उम्मीदवार बनाया है।