भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा ने राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में डॉ. एल. मुरुगन, बंशीलाल गुर्जर, उमेश नाथ महाराज और माया नारोलिया को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश से अशोक सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा के चारों राज्यसभा उम्मीदवार मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित पार्टी के सीनियर नेताओं की मौजूदगी में गुरुवार नामांकन फॉर्म जमा करेंगे।

आईपीएस अधिकारी और श्रम आयुक्त कराएंगे राज्यसभा चुनाव 
कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक सिंह दोपहर 12 बजे नामांकन भरेंगे। अशोक के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे विधानसभा में मौजूद रहेंगे। विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह के बजाय इस बार आईएएस अधिकारी और श्रम आयुक्त संजय गुप्ता राज्यसभा चुनाव कराएंगे। निर्वाचन आयोग ने गुप्ता को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया है।  

कल होगी नामांकन की जांच, 27 को मतगणना
बता दें राज्यसभा चुनाव का नामांकन आज दाखिल किए जाएंगे। नामांकन की जांच 16 फरवरी को होगी। 20 फरवरी तक कैंडिडेट्स अपने नाम वापस ले सकते हैं। 27 फरवरी को मतदान होगा और 27 को ही शाम पांच बजे मतगणना होगी। इसके बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। मालूम हो कि राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव राज्य विधान सभाओं के निर्वाचित सदस्यों की ओर से अप्रत्यक्ष तौर पर किया जाता है। राज्यसभा एक स्थायी सदन है। इसके एक-तिहाई सदस्य हर 2 साल में रिटायर हो जाते हैं, जिससे सदन के कामकाज में निरंतरता बनी रहती है। राज्यसभा सांसद का कार्यकाल 6 साल का होता है। 

मध्यप्रदेश से अभी ये हैं राज्यसभा में सदस्यत 
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की 11 सीटें हैं। आठ पर बीजेपी और तीन पर कांग्रेस का कब्जा है। पांच सीटें अप्रैल में खाली हो रही हैं। इन सीटों पर अभी बीजेपी के धर्मेंद्र प्रधान, एल मुरुगन, कैलाश सोनी और अजय प्रताप सिंह हैं। वहीं, कांग्रेस के राजमणि पटेल हैं। प्रधान और मुरुगन केंद्रीय मंत्री हैं। केएल मुरुगन एमपी से थावर चंद गहलोत की सीट पर चुने गए थे, जब उन्हें 2021 में केरल का राज्यपाल बना दिया था। एमपी से बीजेपी के राज्यसभा सांसद में ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमिज्ञा वाल्मिकी, कविता पाटीदार और सुमेर सिंह सोलंकी हैं। सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल 2026 तक है। कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मिकी का कार्यकाल 2028 तक है। भाजपा के धर्मेंद्र प्रधान, डॉ. एल मुरुगन, अजय प्रताप सिंह और कैलाश सोनी का कार्यकाल दो अप्रैल 2024 को खत्म होगा। 

कांग्रेस से राजमणि की सीट होगी खाली 
कांग्रेस से राज्यसभा में विवेक तन्खा और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और राजमणि पटेल हैं। जानकारी के मुताबिक, राजमणि पटेल का कार्यकाल अप्रैल 2024 में खाली हो रहा है। दिग्विजय सिंह 2026 और विवेक तन्खा का 2028 तक राज्यसभा में अभी रहेंगे। राजमणि पटेल की सीट पर कांग्रेस ने अशोक सिंह को उम्मीदवार बनाया है।