Logo
मध्यप्रदेश के रतलाम में 15 सितंबर की शाम बड़ी घटना हो गई। सीवरेज का काम करते समय सड़क का हिस्सा धंस गया। मलबे में दबने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। दूसरा घायल है। घटना के विरोध में 17 सितंबर को कर्मचारियों ने नगर निगम में हड़ताल कर दी।

Ratlam News: रतलाम में 15 सितंबर की शाम को सीवरेज का काम करते वक्त अचानक सड़क का हिस्सा धंस गया। मलबे में दबने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। दूसरा घायल है। घटना के विरोध में सोमवार (16 सितंबर) सुबह कर्मचारियों ने नगर निगम में हड़ताल कर दी। मृतक के परिजन को एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने की मांग पर सफाई कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। 

जानें पूरा मामला 
जानकारी के मुताबिक, रतलाम के दिलीप नगर मुख्य मार्ग पर मरम्मत का काम किया जा रहा था। पहले जेसीबी से गड्ढा खोदा गया। लोगों ने सीवरेज लाइन चोक होने की बात बताई। दो कर्मचारी रविवार शाम 7 बजे 10 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर काम कर रहे थे। इसी दौरान सड़क का एक हिस्सा धंस गया। मिट्‌टी और पत्थर दोनों कर्मचारियों के ऊपर आ गिरे, जिससे दोनों दब गए। घटना के बाद हड़कंप मच गया। 

दोनों को अस्पताल पहुंचाया, एक की मौत 
सूचना पर नगर निगम की टीम और पुलिस पहुंची। दोनों कर्मचारियों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भिजवाया। डॉक्टरों ने सुनील (26) पिता मुन्नालाल गौहर निवासी शेफी नगर को मृत घोषित कर दिया। बहादुर (28) पिता हेमराज डामोर निवासी हरथल (रावटी) को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है।

एक करोड़ मुआवजा देने की मांग 
घटना के विरोध में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को सुबह हड़ताल कर दी है। कर्मचारियों ने नगर निगम में नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि मृतक के परिजन को एक करोड़ रुपए का मुआवजा और परिवार को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही, नगर निगम में ठेका प्रथा को खत्म किया जाए।

जांच के बाद दोषियों पर होगी कार्रवाई 
रतलाम नगर निगम सीवरेज सफाई का काम बरूडी एजेंसी से ठेके पर करवा रहा है। नगर निगम कमिश्नर हिमांशु भट्‌ट ने कहा कि ठेका एजेंसी के ही कर्मचारी थे। सुरक्षा के साधन नहीं पाए गए हैं। मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। 

5379487