Rewa Crime News: रीवा में दिनदहाड़े गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। मंगलवार(1 अक्टूबर) को मंदिर से दर्शन कर लौट रहे युवक-युवती पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली युवक के कंधे और युवती की कलाई को छूकर निकल गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। युवक और युवती को अस्पताल लेकर गई। इलाज के बाद दोनों को जाने दिया। पुलिस ने दोनों का मेडिकल भी कराया। सनसनीखेज घटना बिछिया के चिरहुला मंदिर मार्ग की है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। 

बाइक से आए बदमाश, पिस्टल से फायरिंग 
हजारी चौक निवासी गोपाल गुप्ता अपनी दोस्त के साथ दोपहर 1 बजे चिरहुला मंदिर दर्शन के लिए गया था। दोपहर 2 बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। दोनों मंदिर से कुछ दूर आगे ही पहुंचे थे कि दो बाइक पर बदमाश पीछे से आ गए। दोनों बाइक पर दो-दो लोग बैठे थे। हमलावरों ने सीधे पिस्टल निकाली और फायरिंग करना शुरू कर दिया। गोपाल के कंधे और युवती की कलाई को छूकर गोली निकल गई। सूचना पर सीएसपी, बिछिया थाना प्रभारी सहित कई पुलिस वाले मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। युवक-युवती का मेडिकल कराया। 

इसलिए जान से मारने की कोशिश
गोपाल ने पुलिस को बताया कि तमस बंसल ने गोली चलाई है। महीने भर गोपाल की आरोपी से बहस हो गई थी। इसलिए गोपाल को जान से मारने की कोशिश की है। जानकारी के मुताबिक, गुढ़ चौराहे का रहने वाला तमस बंसल आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थानों में कई मामले दर्ज हैं। ज्यादातर मामले मारपीट और लूटपाट से संबंधित हैं। आरोपी शराब, कोरेक्स और नशीली सामग्रियों की तस्करी जैसे मामलों में शामिल रहा है। 

पीड़ितों के बयान दर्ज 
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। बिछिया थाने में पीड़ितों के बयान दर्ज करवाए गए हैं। पीड़ित युवक हमलावरों को जानता है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि मामला पुरानी रंजिश का है। आगे की छानबीन की जा रही है।