Logo
Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा में शनिवार को स्कूल से लौट रहे बच्चों पर दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में 4 बच्चों समेत 5 की मौत हो गई। सीएम मोहन यादव ने मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।

Rewa News: दो भाइयों के विवाद की दीवार ने मासूमों की जान ले ली। स्कूल से पढ़ाई कर लौट रहे बच्चों के ऊपर अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। 8 बच्चे और 1 महिला मलबे में दब गई। हादसे में 4 बच्चों और एक महिला अभिभावक समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र के सन राइज स्कूल के पास हुआ है। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। बच्चों के शवों को मलबे से बाहर निकाला। घटना के बाद अफरा-तफरी बच गई।हादसा शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। 

हादसे में एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत
घटना का शिकार बने बच्चों में से तीन एक ही परिवार के थे। तीनों भाई-बहन थे। हादसा स्कूल से महज 20 मीटर की दूरी पर हुआ। मलबे में दबे बच्चों और महिला अभिभावक को तत्काल गंगेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल बच्ची और महिला को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया। 

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी विवेक सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाने और इलाज में कोई कमी न हो, इसके लिए तत्काल कदम उठाए गए। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डूबो दिया है। घटना के बाद से स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हैं। प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने की सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक बच्चों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा, 'जिन परिवारों ने मासूम बच्चों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। हम इस कठिन समय में उनके साथ हैं और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।'

इन बच्चों की हुई मौत 
जानकारी के मुताबिक, दो भाइयों की दीवार विवाद के कारण जर्जर हो चुकी थी। दोनों के बीच विवाद है कि इसे कौन हटाएगा। स्कूल संचालक और पैरेंट्स इसे गिराने का कह चुके थे। शनिवार को बारिश की वजह से दीवार ढह गई। स्कूल से लौट रहे अंशिका गुप्ता (5) पिता सुरेंद्र गुप्ता, मान्या गुप्ता (7) पिता वीरेंद्र गुप्ता, सिद्धार्थ गुप्ता (5) पिता वीरेंद्र गुप्ता और अनुज प्रजापति पिता इंद्रपाल प्रजापति की दीवार के नीचे दबने से मौत हो गई। 

गंभीर घायलों का संजय गांधी में इलाज 
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव ले जाया गया है। गंभीर घायलों को डॉक्टर ने रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया है। लोगों का कहना है कि दीवार जर्जर हो चुकी थी। कहने के बाद भी सुधार कार्य नहीं हुआ। शनिवार को अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और चार बच्चों की मौत हो गई। 

कमलनाथ ने जताया दुख 
पूर्व सीएम कमलनाथ ने रीवा की घटना पर दुख जताया है। कमलनाथ ने एक्स पर लिखा है कि रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल की दीवार गिरने से चार मासूम बच्चों की मौत और कई बच्चों के घायल होने की दुखद खबर है। मैं इस हृदय विदारक घटना पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूँ और घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

5379487