Logo
सपा ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी शुरू कर दी है। सपा MP की ओर सक्रियता बढ़ा रही है। पार्टी खजुराहो में पावर सेंटर बनाने की तैयारी में है। साथ ही रीवा, सतना, टीकमगढ़, खजुराहो, भिंड और मुरैना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की भी तैयारी है।

भोपाल। समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में जुट गई है। मध्यप्रदेश में पार्टी सक्रियता बढ़ा रही है। पार्टी UP से सटे इलाकों में अपनी पैठ मजबूत करने में जुट गई है। इसी के चलते सपा ने पिछले दिनों MP में अपनी पुरानी टीम को भंग कर दिया था। जल्द नई टीम तैयार होने वाली है। खजुराहो में पावर सेंटर बनाया जाएगा। पार्टी यहां पांच एकड़ जमीन पहले ही खरीद चुकी है। खजुराहो में पार्टी कार्यालय बनने के बाद बुंदेलखंड क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियां भी तेज होंगी। खजुराहो में पार्टी का दफ्तर बनाकर 2024 के चुनाव में रीवा, सतना, टीकमगढ़, खजुराहो, भिंड और मुरैना लोकसभा सीट पर सपा चुनाव लड़ने की तैयारी में है। 

इस चुनाव में कुछ बड़ा करना चाहती है सपा
बता दें कि विधानसभा चुनाव 2023 में सपा का परफॉरमेंस एमपी में खराब रहा। सपा को एक भी सीट नहीं मिल सकी, जबकि पिछले चुनाव में सपा को एक सीट मिली थी। अब सपा नए सिरे से तैयारी में जुटी है। विधानसभा चुनाव में निराशाजनक परिणाम देखते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश कार्यकारिणी एवं जिला कार्यकारिणी भंग कर दी। साथ ही लोकसभा प्रभारियों को भी हटा दिया है। अब नई टीम के लिए माथापच्ची चल रही है। प्रयास है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी अपना असर दिखा सके। 

अब कांग्रेस के साथ खड़ी हो सकती है सपा
विधानसभा चुनाव में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कई बार हमला बोला। यहां तक कि कांग्रेस को आइना दिखाने की कोशिश भी की लेकिन अब कांग्रेस के साथ सपा खड़ी हो सकती है। इसका प्रमुख कारण इंडिया गठबंधन का सदस्य होना है। मालूम हो इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए गठित हुआ है। कांग्रेस के साथ सपा के नेता भी इसके सदस्य हैं।

5379487