शाजापुर के मक्सी में उपद्रव: दो गुटों में झड़प के बाद पथराव और फायरिंग, एक की मौत, 7 लोग घायल

Shajapur Disturbance: मध्यप्रदेश के शाजापुर में बवाल हो गया। बुधवार(25 सितंबर) की रात मक्सी में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव के साथ गोलियां भी चलीं। हिंसा में एक की मौत हो गई। 7 लोग घायल हैं।

Updated On 2024-09-26 09:07:00 IST
Madhya Pradesh Crime News

Shajapur Disturbance: शाजापुर के मक्सी में बवाल मच गया। बुधवार(25 सितंबर) की रात में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव के साथ गोलियां भी चलीं। हिंसा में एक की मौत हो गई। 7 लोग घायल हैं। उपद्रव की सूचना मिलते ही चार थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। शहर में बड़ी संख्या में पुलिस तैनात है। कलेक्टर, एसपी, एसडीएम और तहसीलदार समेत कई अधिकारी भी मक्सी पहुंचे। प्रशासन ने इलाके में धारा 163 लगाई है।

उपद्रव में ये लोग हुए थे घायल, एक की मौत 
जानकारी के मुताबिक, उपद्रव में अमजद (40) पिता अजीत खान, अरजान (14) पिता आरिफ, जुनैद खान (45) पिता साबिर खान, इकबाल खान (48) पिता मुस्तफिर, अहूजर (24) पिता साबिर, अल्ताफ (26) पिता साजिद, अरबाज पिता शकील और रेहान (15) पिता इरशाद घायल हुए थे। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान अमजद की मौत होने की खबर है। घायलों को इंदौर रेफर किया है। 

इसलिए हुआ विवाद 
जानकारी के मुताबिक, शहर के बाल्डी मोहल्ले में सोमवार देर रात समीर मेव नाम के युवक के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी थी। विवाद के बाद दोनों पक्षों के  लोग बड़ी संख्या में थाने में इकट्ठा हो गए थे। पुलिस ने शिकायत पर मारपीट के आरोपियों पर केस दर्ज किया था। मंगलवार को आरोपी पक्ष के लोग शाजापुर में एसपी ऑफिस पहुंच गए और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। बुधवार रात को हुआ विवाद भी इसी से जुड़ा बताया जा रहा है। विवाद कैसे शुरू हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

एक ही समुदाय के दोनों गुट 
हिंसा में शामिल दोनों गुट एक ही समुदाय के हैं। सूत्रों के मुताबिक, भीड़ को खदेड़ने के लिए मक्सी पुलिस को कई राउंड फायर करने पड़े। शाजापुर की कलेक्टर ऋजु बाफना और एसपी यशपालसिंह राजपूत सहित भारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। सोशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेजेस पर नजर रखी जा रही है। 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस 
आईजी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि घटनाक्रम को देखने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जो भी कानून व्यवस्था को खराब करने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि हर कीमत पर सांप्रदायिक सौहाद्र बनाए रखा जाएगा। 

Similar News