भोपाल। रतलाम में 17 साल के लड़के की अचानक मौत की घटना ने सबको हैरान कर दिया है। शहर के साइंस कॉलेज खेल ग्राउंड में सुबह रनिंग कर रहा था। दौड़ते-दौड़ते किशोर अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर गया। साथ दोस्त लड़के को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर इसे साइलेंट अटैक मानकर चल रहे हैं। बता दें कि किशोर आर्मी की तैयारी के लिए रोज सुबह दौड़ने जाता था।

डॉक्टर बोले-अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई थी मौत 
जानकारी के मुताबिक, बालाजी नगर में रहने वाले आशुतोष पिता राधेश्याम कुमावत सोमवार सुबह अपने दोस्त निलेश के साथ कॉलेज ग्राउंड पहुंचा। रनिंग करते हुए वह अचेत होकर गिर पड़ा। दोस्त और अन्य लोग उसे लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच की। सीपीआर दिया। लेकिन किशोर की जान नहीं बच पाई। घटना के तुरंत बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने बताया अस्पताल आने से पहले ही किशोर की मौत हो चुकी थी। परिजन पीएम नहीं करना चाहते थे। डॉक्टर ने साइलेंट अटैक से मौत होना माना है। डॉक्टर ने यह भी कहा कि अभी लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। 

11वी के छात्र को कोई बीमारी नहीं थी, घर पर ही जिम करता था 
परिजन के मुताबिक, किशोर 5 से 6 दिन से लगातार रनिंग करने मैदान जा रहा था। सोमवार को भी रोज की तरह दोस्त के साथ किशोर मैदान गया था। कुछ ही देर बाद दोस्त ने परिजन को फोन कर बताया कि आशुतोष चक्कर खाकर गिर गया है। फोन के 10 मिनट ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। किशोर आईसीयू में एडमिट था। धड़कन काम नहीं कर रही थी। कुछ देर में डॉक्टरों ने सॉरी बोल दिया। परिजन ने बताया कि किशोर को कोई बीमारी नहीं थी। घर पर जिम का रखा है। वह घर पर ही जिम करता था। आशुतोष कक्षा 11वीं में पढ़ता था।