उज्जैन। नए साल 2024 का स्वागत करने के लिए मध्यप्रदेश के टूरिस्ट प्लेस में डांस, डिनर, एडवेंचर एक्टिविटी के साथ बहुत कुछ खास है। पचमढ़ी में पहली बार जंगल में नाइट स्टे के लिए टेंट सिटी बनाई गई है। हनुवंतिया में आज रात रॉक बैंड परफॉर्म करेगा। गणगौर नृत्य से न्यू ईयर का वेलकम होगा। मांडू में गाला डिनर रखा गया है। 

मनोरंजन का भी इंतजाम 
बता दें कि गाला डिनर उसे कहते हैं, जिसमें बड़ी संख्या में मेहमानों को पार्टी दी जाए जबकि गाला नाइट में डिनर के साथ डांस और एंटरटेनमेंट का भी इंतजाम होता है। जी-20 समिट के दौरान राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु ने राष्ट्राध्यक्षों को गाला डिनर पर आमंत्रित किया था। 

महाकाल मंदिर में शीघ्र दर्शन व्यवस्था बंद रहेगी 
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज से दो दिन यानी 1 जनवरी तक 12 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं बदल दी गई हैं। 1 जनवरी को 250 रुपए देकर शीघ्र दर्शन व्यवस्था बंद रहेगी। आज श्रद्धालुओं को चलित भस्म आरती दर्शन कराए गए। यह व्यवस्था 5 जनवरी तक रहेगी। एंट्री फ्री है। 

पहली बार: महाकाल लोक घूमने वालों की अलग रहेगी कतार 
नए साल के पहले दिन श्रद्धालु महाकाल लोक भी घूम सकते हैं। धर्म नगरी उज्जैन में ऐसा पहली बार होगा कि जब महाकाल लोक घूमने वालों के लिए अलग लाइन लगेगी। ऐसे भक्त, जिन्हें सिर्फ महाकाल लोक में जाना है, वे चारधाम मंदिर से अलग लाइन में लगकर पिनाकी गेट से महाकाल लोक में प्रवेश कर सकेंगे। इसी गेट से बाहर आ सकेंगे। फैसिलिटी सेंटर और फिर टनल होते हुए गणेश मंडपम से दर्शन कर निर्माल्य द्वार से बाहर होंगे। 

धूपगढ़ पर योग से नए साल का आगाज होगा 
पचमढ़ी में 'पचमढ़ी उत्सव' 1 जनवरी तक चलेगा। धूपगढ़ पर योग से नए साल का आगाज होगा। एडवेंचर, वॉटर और स्पोर्ट्स एक्टिविटीज, बोनफायर, नाइट कैंप के इवेंट भी होंगे। नए साल की खुशियां मनाने के लिए टूरिस्ट अगर होटलों को छोड़कर जंगल में नेचर के बीच नाइट स्टे करना चाहते हैं तो उनके लिए यहां हनुवंतिया के जल महोत्सव की तरह टेंट सिटी तैयारी गई है।   

निमाड़ के गणगौर नृत्य की देखने को मिलेगी झलक 
हनुवंतिया टापू पर जल महोत्सव चल रहा है। यह फरवरी 2024 तक चलेगा। यहां टेंट सिटी में कॉटेज का किराया 8 हजार 5 सौ से लेकर 12 हजार रुपए तक है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए टूरिज्म डिपार्टमेंट ने म्यूजिशियन राहुल अय्यर और उनके रॉक बैंड को बुलाया है। आज 31 दिसंबर की नाइट रॉक बैंड के साथ कल्चरल प्रोग्राम में निमाड़ के गणगौर नृत्य की परफॉर्मेंस भी होगी। इस बार तीन कैटेगरी- रॉयल, लग्जरी, डीलक्स में 100 कॉटेज तैयार किए हैं।