Baba Mahakal Temple: मध्यप्रदेश के उज्जैन से चौंकाने वाली खबर है। बाबा महाकाल मंदिर परिसर में जन्मदिन मनाने की कड़ी सजा दी गई। मंगलवार (24 सितंबर) को कर्मचारियों ने युवती का जन्मदिन केक काटकर सेलिब्रेट किया। बुधवार को बर्थडे मनाने का वीडियो सामने आया तो मंदिर प्रशासक ने कंपनी से शिकायत की। VR ऑपरेट करने वाली कंपनी ने गंभीरता से लेते हुए 10 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। 

जानें क्या है पूरा मामला 
जानकारी के मुताबिक, भोपाल की कंपनी को AR (ऑग्मेंटेड रियलिटी)-VR (वर्चुअल रियलिटी) तकनीक से महाकाल मंदिर की भस्म आरती दिखाने का टेंडर मिला है। कंपनी के 12 से ज्यादा कर्मचारी रोज श्रद्धालुओं को भस्म आरती के दर्शन करवाते हैं। मंगलवार को कर्मचारी रचना विश्वकर्मा का जन्मदिन था। प्रोटोकॉल कार्यालय के फर्स्ट फ्लोर पर साथी कर्मचारियों ने केक काटकर रचना का जन्मदिन मनाया था। बकायदा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया।

कंपनी ने इन कर्मचारियों को किया सस्पेंड 
वीडियो सामने आने के बाद मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ ने कंपनी से शिकायत की। कंपनी ने तुरंत एक्शन लेते हुए बुधवार को आकाश उज्जैनिया, शिवानी मकवाना, यश गेहलोत, हर्षिता सिसोदिया, चेतना विश्वकर्मा, विनोद मकवाना, राज सरगरा, हर्षिता आर्या, शक्ति सिंह और राधिका त्रिपाठी सभी ऑपरेटर को निलंबित कर दिया। 10 लोगों पर एक साथ गिरी गाज से मंदिर में हड़कंप मच गया है। 

भविष्य में ऐसी गलती न होने का आश्वासन
महाकाल मंदिर समिति के पूर्व सदस्य महेश पुजारी का कहना है कि मंदिर परिसर में केक काटना धर्म के विपरीत है। कंपनी ने भी मंदिर समिति को पत्र लिखकर भविष्य में ऐसी घटना नहीं होने का आश्वासन दिया है। कंपनी ने पत्र में लिखा है कि कर्मचारियों ने बिना अनुमति के केक काटा था। इस अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।