उज्जैन। महिला ने पति और जेठ की गोली मारकर हत्या कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर जेठ की पत्नी और उसका बेटा घर से बाहर आए तो महिला ने उन पर भी फायर किए। हालांकि वे बच गए। पति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जेठ ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। हत्या के बाद महिला अवैध देसी कट्टा लेकर थाने पहुंची और सरेंडर कर दिया। महिला ने पहले पूजा कर रहे जेठ पर फायर किया, फिर सोते हुए पति को गोली मारी। 

पारिवारिक विवाद के कारण महिला ने किया ऐसा 
वारदात सोमवार सुबह उज्जैन के इंगोरिया थाने से महज 200 मीटर दूर की है। आंगनबाड़ी में काम करने वाली सविता ने पति राधेश्याम और जेठ धीरज को गोली मारी है। राधेश्याम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। धीरज ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर धीरज की पत्नी और उसका बेटा बाहर आए तो सविता ने उन पर भी फायर किए। हालांकि, वे बच गए। परिजन के मुताबिक, सविता (41) अपने पति राधेश्याम कुमारिया (43) के साथ अलग मकान में रहती थी जबकि धीरज कुमारिया (45) सामने बने मकान में रहता था। प्राथमिक तौर पर घटना की वजह पारिवारिक विवाद मानी जा रही है। 

पूजा करने आंगन में आया जेठ तो सविता ने कर दिया फायर 
जानकारी के मुताबिक, राधेश्याम शराब पीने का आदी था। दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह जेठ धीरज पूजा करने के लिए आंगन में आया था। उसी समय सविता घर से निकली और धीरज पर दो गोलियां चलाईं। पहली गोली उसके सिर और दूसरी गोली उसके कंधे पर लगी। इसके बाद सविता घर के अंदर आई और सोते हुए पति राधेश्याम की कनपटी पर गोली मार दी।

अवैध हथियार खरीदता-बेचता था धीरज 
पुलिस ने कहा, जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल, महिला को हिरासत में ले लिया है। घटना का कारण पारिवारिक झगड़ा और विवाद बताया जा रहा है। पूर्व में भी महिला ने अपने जेठ पर प्रकरण दर्ज करवाया था। बता दें कि धीरज अवैध हथियार का व्यापार करता था। कुछ दिन पहले पुलिस ने पकड़ा था। उस पर कई मामले भी दर्ज हैं।