Logo
Ujjain Mahakaleshwar Mandir: मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार, 28 सितंबर को लड्डू प्रसाद के लिए पीसी जा रही दाल चखकर भाजपा नेता पुन: चक्की में डाल दी। घटना का वीडियो सामते ही बवाल मच गया। इस पर उन्होंने कहा-मैं क्वालिटी चेक कर रहा था।

Ujjain Mahakaleshwar Mandir: मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रसाद को लेकर बवाल मचा हुआ है। लड्डू की गुणवत्ता चेक करने गए भाजपा नेता ने दाल झूठी कर चक्की में डाल दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई है। जबकि, कांग्रेस ने इसे आस्था से खिलावाड़ बताया है। जिस पर भाजपा ने सियासत न करने की नसीहत दी है।

दरअसल, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल शनिवार को महाकाल मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चिंतामण क्षेत्र स्थित लड्डू प्रसादी यूनिट का निरीक्षण किया। यूनिट इंचार्ज पीयूष त्रिपाठी ने प्रसाद निर्माण की प्रक्रिया बता रहे थे। तभी भाजपा के जिला महामंत्री संजय अग्रवाल ने लड्डू के लिए पीसी जा रही चना दाल में से एक मुट्ठी उठाई और कुछ दाने मुंह में डालने के बाद शेष दाल वापस चक्की में डाल दी। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया।  

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने X पर वीडियो शेयर कर इसे आस्था से खिलवाड़ बताया। कहा, यह सरकार ने बाबा महाकाल की पावन भूमि को भी नहीं छोड़ रही। बाबा महाकाल के काज में भ्रष्टाचार कर पहले भी उसने आस्था की हत्या की है। अब यह भ्रष्टाचार लोगों की हत्या कर रहा है। 

मुकेश भाटी ने बताया शर्मनाक
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने कहा,  जिस दाल से भगवान महाकाल के लिए भोग (लड्डू) बनाया जाना है और भक्त आस्था स्वरूप प्रसाद ग्रहण करेंगे, उस दाल को क्वालिटी चेक करने के नाम पर खाना और फिर उसी हाथ से चक्की में डाल देना शर्मनाक मामला है। 

विधायक बोले-बाबा महाकाल से माफी मांगे 
कांग्रेस विधायक महेश परमार ने भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने X पर वीडियो शेयर कर लिखा-प्रभारी मंत्री जी उज्जैन में आप के साथ भाजपा नेता प्रसाद की शुद्धता की जांच करने गए थे या उसे झूठा कर अशुद्ध करने….? यह भक्तों की धार्मिक भावनाओं का अपमान है। बाबा महाकाल और लाखों भक्तों से माफी मांगनी चाहिए। 

संजय अग्रवाल ने मांगी माफी 
भाजपा जिला महामंत्री संजय अग्रवाल ने मामले में सफाई दी है। कहा, मैं दाल व्यवसायी हूं। मैंने उसकी क्वालिटी चेक करने ऐसा किया। जूठी दाल नहीं डाली है। कांग्रेस मंदिर को राजनीति से दूर रखे। आगे उन्होंने कहा, अगर मुझसे गलती हुई है तो बाबा महाकाल का अनंत भक्त होने के नाते क्षमा मांगता हूं।

5379487