Desi wedding of foreign couple: शिवपुरी में गुरु पूर्णिमा के दिन यादगार शहनाई बजी। विदेशी जोड़े ने भारतीय रीति रिवाज से एमपी की धरती पर सात जन्मों की कसम खाई। 21 जुलाई को नक्षत्र गार्डन में स्विट्जरलैंड के मार्टिन और जर्मनी की उलरिके परिणय सूत्र में बंधे। भारतीय वेशभूषा में दोनों ने सात फेरे लिए। धूमधाम से हुई शादी में विदेशी मेहमानों ने भारतीय व्यंजनों का लुफ्त उठाया। मेहमानों ने बारात में जमकर डांस भी किया। वरमाला कार्यक्रम में पारंपरिक तरीके से लोगों ने विदेशी दंपती को आशीर्वाद दिया।  

भारत में इसलिए रचाई शादी
भारत में शादी करने वाला विदेशी जोड़ा शिवपुरी के गुरुजी डॉ. रघुवीर सिंह गौर से प्रभावित हैं। 5 साल पहले मार्टिन आध्यात्मिक संत गुरुजी‎ डॉ. रघुवीर सिंह गौर के संपर्क में आए थे। स्लोगन 'सेवकाई में प्रभुताई' शब्द का अर्थ ‎जानने के बाद गुरुजी से जुड़ गए। फिर गुरुजी के दर्शन करने के लिए भारत आने लगे। उलरिके का भी अध्यात्म की ओर काफी झुकाव है। मार्टिन के अध्यात्म के चलते ही उलरिके गुरु से मिली थीं। गुरु के सानिध्य में आने के बाद दोनों ने भारतीय रीति रीवाज से शादी रचाने का फैसला लिया।

पहले दोस्ती, फिर प्यार और अब शादी
बता दें कि स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में रहने वाले मार्टिन आमवस्टन पेशे से लीगल ऑडिट में कंप्लायंस ऑफिसर हैं। उलरिके जर्मनी के म्यूनिख शहर की रहने वाली हैं। पेशे से नर्स ‎हैं और नामी हॉस्पिटल में पदस्थ हैं। स्पेन में उलरिके और मार्टिन की मुलाकात हुई थी। मार्टिन और उलरिके क्रिश्चियन हैं। दोनों के विचार काफी मिलते हैं। जिसकी वजह से दोनों की दोस्ती हुई। इसके बाद फोन पर बातें शुरू हो गईं। बातचीत धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। अब गुरु की शरण में आने के बाद दोनों ने एमपी की धरती पर शादी रचाई। 

दूल्हे ने शेरवानी तो दुल्हन ने पहना लहंगा 
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत विश्व आध्यात्मिक संस्थान में तीन दिन तक आयोजन किए गए। महोत्सव के तहत ही शादी का भी प्रबंध किया गया। शादी में 250 मेहमानों आए थे। 10 से ज्यादा विदेशी मेहमान शामिल हुए। शादी में दूल्हा शेरवानी में तो दुल्हन लहंगा पहना नजर आईं। नाच गाने के साथ दोनों की वरमाला हुई। विदेशी और भारतीय मेहमानों ने शादी में जमकर डांस किया। 

भारत और विदेश में करेंगे सैर 
शादी करने के बाद मार्टिन और उलरिके बहुत खुश हैं। अब दोनों पहले भारत की सैर करेंगे। भारत में घूमने के बाद दोनों विदेश के अन्य स्थानों पर जाएंगे। मार्टिन का कहना है कि उलरिके से मेरे विचार मिले और हमने शादी कर ली। शादी में गुरुजी का अशीर्वाद भी मिला। शादी के बाद हम दोनों विदेश में घूमेंगे।