MP Politics News: मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटें जीतकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रिकॉर्ड बनाया है, लेकिन उसके अति उत्साहित नेताओं के विवादित बयान सामने आने लगे हैं। ताजा मामला विदिशा (Vidisha) की लटेरी तहसील का है। गुरुवार शाम यहां के कुछ भाजपा नेता सांसद से चुनावी चर्चा के दौरान फर्जी वोट डालने की कहानी सुना डाली। कहा, कांग्रेस के एजेंटों को उन्होंने पोलिंग में घुसने तक नहीं दिया। वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। उसने चुनाव आयोग और कोर्ट जाने की चेतावनी दी है। 

सागर की भाजपा सांसद लता वानखेड़े गुरुवार को विदिशा जिले के लटेरी तहसील पहुंचीं थीं। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत के दौरान सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा के प्रतिनिधि और लटेरी नगर परिषद के अध्यक्ष पति संजय अत्तु भंडारी ने लोकसभा चुनाव में कथित अनियमितताओं की बात कही। 

इसे भी पढ़ें: जीतू पटवारी के पूर्व प्रतिनिधि की दबंगई: इंदौर में सिक्योरिटी गार्ड पर चलाई दनादन गाेलियां, कॉलोनी में दहशत

पार्षद पति ने डाले थे फर्जी वोट
वायरल वीडियो में संजय भंडारी ने दावा किया कि 13 मतदान केंद्रों पर उन्होंने कांग्रेस का कोई पोलिंग एजेंट नहीं बैठने दिया। भाजपा पार्षद के पति महेश साहू ने सांसद को बताया कि उन्होंने 15 वोट फर्जी तरीके से डाले हैं। भाजपा नेताओं के इन दावों को कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या बताई है। साथ ही निष्पक्ष चुनाव का खुला उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। 

इसे भी पढ़ें: सागर में बड़ी वारदात: हाइवे पर खड़े कंटेनर से 12 करोड़ के मोबाइल चुरा ले गए बदमाश, थाना प्रभारी सहित 3 निलंबित

कांग्रेस ने बताया लोकतंत्र की हत्या 

  • विदिशा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कहा, भाजपा कार्यकर्ता ही बता रहे हैं कि उन्होंने किस तरीके से फर्जी मतदान कर सागर सांसद लता वानखेड़े को जिताया है। बूथ कैप्चरिंग की बात भी उन्होंने स्वीकारी है। जो कि भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को स्पष्ट करता है। 
  • मोहित रघुवंशी ने कहा, हम चुनाव आयोग वीडियो फुटेज सौंपकर कार्रवाई के लिए अनुरोध करेंगे। साथ ही सागर लोकसभा क्षेत्र को शून्य घोषित करने की मांग करेंगे। न्यायालय से भी इसके लिए गुहार लगाएंगे। क्योंकि फर्जी मतदान से चुनाव जीतना लोकतंत्र की अवहेलना है। यह जनप्रतिनिधि नहीं बल्कि सत्ता का दुरुपयोग करने वाले लोग हैं।