Madhya Pradesh News: 17 साल के किशोर के हौसले ने कमाल कर दिया। बहादुरी से लड़के ने मौत को मात दी और जिंदगी की जंग जीत ली। चंबल नदी में पानी पीने गए किशोर को घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने खींच लिया। आधे घंटे तक खूंखार मगरमच्छ से चले युद्ध में किशोन ने अपनी जिंदगी जीत ली। हालांकि मगरमच्छ ने किशोर को जांघ और हाथ पर काट लिया है। मौत के मुंह से बाहर निकलकर आए किशोर का हाथ फैक्चर हो गया है। लड़के को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना श्योपुर के रघुनाथपुर थाना इलाके के ग्राम पिपरानी की है। 

जानें कैसे किशोर ने जीता युद्ध
जानकारी के मुताबिक,  पिपरानी निवासी निहाल सिंह राव (17) रोज की तरह रविवार को भैंसों को चराने के लिए चंबल नदी किनारे गया था। किशोर को प्यास लगी तो वह चंबल नदी किनारे पानी पीने के लिए चला गया। जैसे ही किशोर चंबल के किनारे पानी पीने लगा तो पहले से घात लगाए बैठे विशाल मगरमच्छ ने उसे पानी के अंदर खींच लिया।

लोगों ने की तारीफ 
अचानक हुई घटना को किशोर समझ नहीं पाया। किशोर पूरे हौसले से पानी के अंदर ही मगरमच्छ से लड़ने लगा। बहादुरी से लड़का अपनी जान बचने के लिए जद्दोजहद करने लगा। करीब आधे घंटे तक किशोर की मगरमच्छ से जंग चली। इसी बीच आसपास के चरवाहों की किशोर पर नजर पड़ गई। ग्रामीण तुरंत पहुंचे और लाठियों से मगरमच्छ पर हमला शुरू कर दिया। जब लाठियां बरसने लगीं तो मगरमच्छ ने अपने जबड़े से किशोर को छोड़ दिया। लोगों ने किशोर की बहादुरी की तरीफ की।

किशोर का चल रहा इलाज 
मगरमच्छ ने किशोर को अपने खतरनाक जबड़ों से जांघ पर दो जगह और हाथ में काट लियाहै। घटना के बाद किशोर को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जख्मी किशोर निहाल की हालात खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग का कहना है कि घायल की मदद की जाएगी।