MP Police: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश में महिला पुलिस को हाइटेक बनाने और महिला अपराधों के ग्राफ को कम करने के लिए पर्याप्त संसाधन मांगे जाने संबंधी एक प्रस्ताव पिछले दिनों गृह विभाग को भेजा है। प्रस्ताव के माध्यम से केन्द्र सरकार के निर्भया फंड से अलग-अलग चरणों में राशि मांगी गई है। पहले चरण में करीब 20 करोड़ रुपए की मांग की गई है।

महिला पुलिस बल को हाइटेक बनाने पर जोर
महिला सुरक्षा शाखा के पुलिस अधिकारियों ने जो प्रस्ताव बनाकर भेजा है उसमें सबसे ज्यादा महिला पुलिस बल को हाइटेक बनाने पर जोर दिया गया है। साथ ही उनकी व्हीकल, रुकने के लिए बैरक निर्माण सहित अन्य सुविधाओं की मांग भी की गई है। इसके अलावा महिला बल की कमी को दूर करने के लिए नए पदों को स्वीकृत करने की बात भी कही है। दरअसल, पूरा मामला यह है कि प्रदेश में महिला अपराधों का ग्राफ बढ़ रहा है जिसमें पुलिस महकमे की किरकिरी हो रही है। जबकि हकीकत यह है कि महिला बल को अभी तक सशक्त नहीं बनाया जा सका है।

यह भी पढ़ें: Odissi Dance: जगन्नाथ मन्दिर के सामने प्रस्तुति सबसे अच्छी, लिप्सा सतपथी ने दी नृत्य की जानकारी

सभी थानों में महिला बल पुलिस की कमी
पहली बात तो यह है कि सभी थानों में महिला बल पुलिस की कमी है। इसके अलावा उनके पास संसाधन और सुविधाएं नहीं होना है। महिला अपराधों को कम करने के लिए पुलिस अफसर समय- समय पर मंथन कर रहे थे। इसके बाद प्रस्ताव में महिला सुरक्षा को लेकर कई तरह की मांग की गई है, जिसमें कामकाजी और घरेलू महिलाओं को सुरक्षा का अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ कामकाजी महिलाओं के लिए शौचालय, कार्यस्थल पर झूला घर और स्तनपान कक्ष सहित सुरक्षा के सभी उपायों को शामिल किया गया है।

सेफ सिटी के तहत बसों में पैनिक
सेफ सिटी के तहत सिटी बसों में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन लगाने की मांग की गई है। महिलाओं को कोई परेशान या दिक्कत होने पर वो पैनिक बटन दबाकर कंट्रोल रूम को सूचित कर सकती हैं। वहीं सबसे बड़ी बात यह है कि वह अपनी समस्या बोलकर कंट्रोल रूम तक पहुंचा सकेंगी। यह इसलिए क्योंकि बटन के पास ही कैमरा लगा होगा जो कंट्रोल रूम से कनेक्ट होगा।

महिला पुलिसकर्मियों द्वारा स्कूटी से पेट्रोलिंग
इसमें एक महत्त्वपूर्ण बिंदु यह भी है कि जिन स्थानों पर महिलाओं की आवाजाही ज्यादा है. जैसे शहर के मुख्य बाजार स्कूल कॉलेज सहित अन्य संस्थान में महिला पुलिसकर्मी के द्वारा स्कूटी से पेट्रोलिंग कराई जाए, इसके लिए पुलिसकर्मियों को पर्याप्त वाहन दिए जाएं। साथ ही इंटीग्रेटेड स्मार्ट कंट्रोल रूम और महिलाओं की समस्या सुनने पिंक बूथ को भी शामिल किया गया है।

आवश्यक राशि की मांग
महिला सुरक्षा शाखा, सहायक पुलिस महानिरीक्षक पिंकी जीवनानी ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर पिछले दिनों पुलिस मुख्यालय द्वारा एक प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। उसमें महिला पुलिस को हाईटेक संसाधनों से लैस करने सहित महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े अन्य बिंदु शामिल किए गए है। इसके लिए आवश्यक राशि की मांग की गई है।

यह भी पढ़ें: Bhopal Today News 09 September: गणेश उत्सव पर संग्रहालय में प्रदर्शनी, भारत भवन में वायलनि जुगलबंदी और तबला वादन