MP Crime News: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में आपराधिक प्रवृत्ति की महिलाओं द्वारा एक नाबालिग बच्ची को साथ लेकर सेक्सटॉर्शन गैंग चलाते हुए ब्लैकमेलिंग कर रुपए वसूलने का मामला सामने आ रहा है। आरोपी महिलाओं द्वारा अनजान पुरुषों को मोबाइल पर बात करते हुए अपने जाल में फंसाकर रुपए की अवैध वसूली की जा रही थी। इन महिलाओं ने अब तक करीब 30 लाख रुपए की वसूली की है।

मोबाइल फोन से करीब 40 अश्लील वीडियो क्लिप्स
पुलिस ने आरोपी महिलाओं के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। पुलिस को जब्ती के मोबाइल फोन से करीब 40 अश्लील वीडियो क्लिप्स मिले हैं। जिनकी टाइमिंग भी करीब 2 मिनट तक की है। इन्हीं वीडियो क्लिप को दिखा कर महिलाएं रुपए की डिमांड रखती थीं।

अश्लीलता की रिकॉर्डिंग कर लेती थीं
पुलिस जानकारी के अनुसार जिले के नई आबादी थाना क्षेत्र में कुछ महिलाओं द्वार अनजान पुरुषों को मोबाइल फोन पर बात करते हुए अपने जाल में फंसाने का काम किया जा रहा था। यह महिलाएं अश्लील बातें करते हुए पुरुषों से वीडियो कॉल पर बात करते हुए पूरी अश्लीलता कर इसकी रिकॉर्डिंग कर लेती थीं। इसके बाद इन महिलाओं द्वारा पुरुषों को ब्लैकमेल कर रुपयों की मांग की जाती थी।

ऐसे हुआ खुलासा
महिलाओं का यह अपराध तब सामने आया जब इनके झांसे में आए 2 युवक उनके निवास तक आ गए। इन युवकों को आरोपी महिलाओं ने बंधक बनाते हुए उनके परिजनों से रुपयों की मांग की। युवकों के परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर उन्हें छुड़ाया। युवकों और आरोपी महिलाओं से हुई पूछताछ के बाद मामले का खुलासा हुआ। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में तहकीकात की तो पता चला की लंबे समय से इन महिलाओं द्वारा ऐसा कृत्य किया जा रहा था। नई आबादी थाना पुलिस ने इस मामले में अब तक एक नाबालिग सहित 2 महिलाओं की गिरफ्तारी की गई है।