Thane Crime Branch team Detained Several People From Rave Party: महाराष्ट्र के ठाणे में क्राइम ब्रांच की टीम ने एक रेव पार्टी पर छापा मारकर 100 लड़के-लड़कियों को पकड़ा है। इस पार्टी में एमडी, चरस, गांजा और शराब समेत 8 लाख की कीमत की ड्रग्स बरामद की गई है। कई आपत्तिजनक चीजें भी मिली हैं। मौके से 25 बाइक बरामद की गई। यह पार्टी नए साल 2024 के जश्न के लिए आयोजित की गई थी। 

पुलिस आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। सभी का मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है। संदेश है कि रेव पार्टी में शामिल लोगों ने ड्रग्स का सेवन किया है। पुलिस ने शनिवार की रात करीब 2 बजे ये छापेमारी की। मामला शासन तक भी पहुंचा है। सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि सख्त कार्रवाई की जा रही है। 

12 लड़कियों को भी पकड़ा गया
ठाणे पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में 12 लड़कियां हैं। उनमें दो ने पार्टी का आयोजन किया था। पार्टी का आयोजन करने वाला मास्टरमाइंड कलवा डोंबिवली का रहने वाला है। यह पार्टी घोड़बंदर रोड पर एक प्राइवेट प्लॉट पर चल रही थी। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने चिलम, शराब के अलावा एलएसडी, मारिजुआना सहित विभिन्न अवैध नशीली दवाएं मिली हैं। 

पुलिस का कहना है कि रात 2 बजे जब छापेमारी की गई तो ज्यादातर युवा नशे में थे। करीब 25 बाइकों को भी जब्त किया गया है। जांच के सिलसिले में नशीली दवाओं के सेवन के आरोपों की पुष्टि के लिए हिरासत में लिए गए युवाओं को ठाणे के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। 

सीएम शिंदे बोले- आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
ठाणे की रेव पार्टी पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि पुलिस सतर्क है और कार्रवाई की जा रही है। एमडी समेत अन्य दवाएं बरामद की गई हैं। एक मामला दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि हमने नशा मुक्त मुंबई का संकल्प लिया है और सख्त कार्रवाई की जा रही है।