महाराष्ट्र: जंगल में बेड़ियों से जकड़ी मिली 50 वर्षीय महिला; हाथ-पैर पेड़ से बंधे थे, जेब में थी अमेरिकी पासपोर्ट की कॉपी

Woman Found Tied Up In Maharashtra Jungle
X
Woman Found Tied Up In Maharashtra Jungle
शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला पिछले 10 साल से भारत में रह रही है। वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। कई दिनों तक भूख-प्यास के चलते काफी कमजोर हो गई है। 

Woman Found Chained In Jungle: महाराष्ट्र के जंगल में लोहे की चेन से बंधी हुई 50 वर्षीय महिला मिली है। उसके हाथ-पैरों में लोहे की बेड़ियां थीं और महिला को एक मोटे पेड़ से बांधा गया था। शनिवार शाम को सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला को मुक्त कर अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि उसके पास अमेरिकी पासपोर्ट की फोटोकॉपी और तमिलनाडु के पते वाला आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद मिले हैं।

चरवाहे ने जंगल में सुनी थीं महिला की चीखें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले की बताई जा रही है। यहां के सोनुर्ली गांव में शनिवार शाम को एक चरवाहे ने महिला की चीखें सुनीं। जब उसने पास जाकर देखा तो चौंक गया। महिला की हालत ठीक नहीं थी और वह जंजीर के सहारा एक पेड़ से बंधी हुई थी। इसके बाद चरवाहे ने स्थानीय पुलिस थाने को सूचित किया।

डॉक्टरों ने कहा- महिला की मेंटल हेल्थ ठीक नहीं
पुलिस ने बताया कि महिला को जंगल से मुक्त कराने के बाद सबसे पहले सावंतवाड़ी अस्पताल और फिर ओरोस में भर्ती कराया गया। उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। महिला का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने कहा कि उसे मानसिक समस्याएं हैं और उसके पास एक मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन भी मिला है।

महिला के पास मिले वीजा की अवधि खत्म हुई: पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, "महिला के पास तमिलनाडु के पते वाला आधार कार्ड और अमेरिका के पासपोर्ट की फोटोकॉपी मिली है। उसकी पहचान ललिता काई के रूप में हुई। उसका वीजा खत्म हो चुका है। पुलिस इन दस्तावेजों का वेरिफिकेशन कर रही है, ताकि महिला की राष्ट्रीयता का पता लगाया जा सके। इसके लिए क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय से भी संपर्क साधा गया है।

आखिर महिला को जंगल में कितने बांधकर छोड़ा?
शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला पिछले 10 साल से भारत में रह रही है। वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। कई दिनों तक भूख-प्यास के चलते काफी कमजोर हो गई है। इस इलाके में भारी बारिश भी हो रही है। वह कितने दिनों से पेड़ से बंधी हुई थी। इस बारे में पता लगाया जा रहा है। आशंका है कि तमिलनाडु में रहने वाले पति ने उसे जंगल में बांधकर छोड़ दिया और भाग गया। पुलिस तमिलनाडु, गोवा और अन्य स्थानों पर उसके रिश्तेदारों की खोज कर रही है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story