मातम में बदली खुशियां: कार में जिंदा जला सेना का जवान, एक महीने पहले बेटा होने पर छुट्टी लेकर गांव आया था

Rajasthan News: झुंझुनू में कार के अंदर आग लगने से सेना का जवान जल गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। जवान छुट्टी लेकर घर आया था। जानकारी के अनुसार जवान ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन जा रहा था। उसी दौरान कार अंडरपास की दीवार से टकरा गई और आग लग गई। मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंचकर जांच कर रही है।
होलिका दहन की रात एक जवान के घर में खुशियां मातम में बदल गईं। कंवरपुरा बालाजी डूंडलोद के रहने वाले विकास भास्कर (25) श्रीनगर में पोस्टेड थे। बेटा होने की खुशी में एक महीने की छुट्टी लेकर घर आए थे। लेकिन ड्यूटी में वापस नहीं लौट पाए हादसे का शिकार हो गए। यह घटना रविवार रात की है। हालांकि, कुछ लोग इस घटना को संदिग्ध मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस की टीम जांच में जुटी है।
एक महीने पहले घर आया था जवान
मुकुंदगढ़ एसएचओ महेंद्र सिंह यादव के मुताबिक विकास भास्कर सेना का जवान है, जो एक महीने पहले छुट्टी लेकर गांव आया था। रविवार की रात ड्यूटी जाने के लिए ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। विकास की कार डूंडलोद के बलरिया रोड स्थित अंडरपास की दीवार से टकरा गई। जिसमें आग लग गई। आग की चपेट में आने से विकास की जलने से मौत हो गई।
एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी
एसएचओ महेंद्र सिंह के मुताबिक सूचना पाकर दमकल की टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सेना का जवान और कार पूरी तरह जल चुके थे। इस घटना की सूचना एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को दी गई। अंडरपास में कुछ मीटर पहले गाड़ी के घिसटने जैसे निशान दिख रहे हैं और जवान का मोबाइल भी घटना से कुछ दूर मिला है। हालांकि एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS