जयपुर। राजस्थान के अलवर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। 80 हजार के कर्ज में दबी महिला को अपनी कोख का सौदा करना पड़ा। झारखंड की महिला ने गूगल पर सर्च कर जानकारी जुटाई। उसे पता चला कि राजस्थान के अलवर में टेस्ट ट्यूब बेबी या इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF)के लिए किराए पर कोख देने से पैसा मिल सकता है। महिला ने अलवर के एक टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर से संपर्क किया तो 3 लाख रुपए में कोख का सौदा तय हुआ। जब महिला गर्भवती नहीं हुई तो बेबी सेंटर वालों ने उसके गर्भ से EGG(अंडे) निकाल लिए। ऐसा  बेबी सेंटर ने एक बार नहीं कई बार किया, महिला को जब इसकी जानकारी लगी तो उसने शनिवार को कोतवाली थाने में टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर के खिलाफ केस दर्ज करवाया।

महिला झारखंड से कैसे राजस्थान पहुंची...जानें पूरी कहानी
झारखंड की रहने वाली 32 साल की महिला ने पुलिस को बताया कि वो तलाकशुदा है। उस पर 80 हजार रुपए का कर्ज है। उसे गूगल से पता चला कि अलवर में टेस्ट ट्यूब बेबी या इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF)के लिए किराए पर कोख देने से पैसा मिल सकता है। इसके लिए एक टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर से संपर्क किया तो 3 लाख रुपए देने की बात हुई। 18 अगस्त को 2023 को उसे झारखंड से अलवर बेबी सेंटर लाया गया। यहां महिला से कहा गया कि उसे इन विट्रो फर्टिलाइजेशन तकनीक से बच्चे को जन्म देना है।

बच्चे के जन्म के बाद 3 लाख रुपए मिल जाएंगे। शुरुआत में 22 हजार 500 रुपए दिए। सेंटर में रहने के दौरान दो बार में गर्भ नहीं ठहरा तो सेंटर वालों ने पैसे देने से मना कर दिया गया। महिला ने इसका विरोध किया तो सेंटर वालों ने कहा कि कोई दूसरी लड़की लेकर लाओ, जो बच्चे को जन्म दे सके। महिला ने पुलिस को बताया कि सेंटर वाले मुझे बिना पैसे दिए भगाना चाहते हैं।

महिला ने पूछा दर्द क्यों होता है, तब बताया EGG निकलने पर ऐसा होता है
महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि बेबी सेंटर वाले उसे 4 महीने से दवाई और इंजेक्शन दे रहे हैं। पूछने पर पता चला कि उसके गर्भ से EGG(अंडे) निकाल लिए गए हैं। EGG निकाले जाने के बाद खूब दर्द हुआ। हर बार दवा दी गई। एक दिन महिला ने नर्सिंग स्टाफ से पूछा कि दर्द इतना क्यों होता है। तब बताया कि ऐग निकलने के बाद दर्द होता है। ऐसे काम में ऐग निकाल लिए जाते हैं। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसे सेंटर में बाहर से लॉक कर चले जाते हैं। सुबह-शाम कहीं नहीं जा सकती। दिन में थोड़ी देर बाहर जाने दिया जाता है। बराबर निगरानी रखी जाती है। इस कारण कहीं शिकायत नहीं कर सकी। अब मौका मिला तो थाने आई। 

महिला का मेडिकल कराया जाएगा 
पुलिस ने बताया कि तलाकशुदा महिला ने मामला दर्ज कराया है। वह अलवर के बेबी सेंटर में एडमिट थी। अब उसे अलवर के सखी सेंटर में शिफ्ट किया है। उसका मेडिकल कराया जाएगा।