Taj Mahal: शरद पूर्णिमा 17 अक्टूबर को है। पूर्णमासी की रात में ताजमहल बेहद खूबसूरत नजर आता है। सैलानियों में इसे लेकर बड़ा उत्साह है। मंगलवार (15 अक्टूबर) से ताजमहल को रात में पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। चांदनी रात में अगले पांच दिन तक सैलानी ताजमहल का दीदार कर सकेंगे। 15 से 19 अक्टूबर रात 12 बजे तक ताजमहल खुला रहेगा। चंद्रमा की रोशनी में ताजमहल की खूबसूरती देखने के लिए पहले से ही सैलानियों ने टिकट बुक कर लिए हैं। 15, 16 और 17 अक्टूबर तक सभी टिकट बिक चुके हैं। सिर्फ 19 अक्टूबर को ही कुछ स्लॉट में टिकट मिल पा रहा है।

510 से 750 रुपए है टिकट 
बता दें कि भारतीय पर्यटकों के लिए टिकट की कीमत 510 रुपए है। जबकि विदेशी पर्यटकों को 750 रुपए चुकाने होते हैं। प्रत्येक स्लॉट में 50-50 पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा। एक दिन में रात के समय अधिकतम 400 पर्यटक ही ताजमहल का दीदार कर सकते हैं। इस बार 15 से 17 अक्टूबर के बीच सभी स्लॉट के टिकट ऑनलाइन बिक चुके हैं। 18 अक्टूबर को शुक्रवार के कारण ताजमहल बंद रहेगा।

30 मिनट कर सकेंगे ताजमहल का दीदार 
शरद पूर्णिमा पर ताजमहल रात्रि दीदार के लिए शाम 8 बजे से लेकर रात्रि 12 तक के लिए खोला जाएगा। पर्यटक 30-30 मिनट के 8 स्लॉट में ताजमहल का दीदार कर सकते हैं। ताजमहल इंचार्ज एएसआई प्रिंस वाजपाई ने बताया कि रात्रि दीदार की तैयारी पूरी कर ली गई है। पर्यटक ऑनलाइन टिकिट बुक कर सकते हैं। 19 अक्टूबर को रात के कुछ स्लॉट में टिकट उपलब्ध हैं, लेकिन टिकटों की मांग को देखते हुए ये जल्द ही फुल हो सकते हैं।

ताजमहल के अंदर प्रवेश के नियम 
सीआईएसएफ और ताज सुरक्षा चौकी इंचार्ज के अलावा कोई भी व्यक्ति हथियार लेकर ताजमहल में एंट्री नहीं कर सकता है। कोई भी VIP, आम नागरिक और ताजमहल में काम करने वाला व्यक्ति बिना तलाशी प्रवेश नहीं कर सकता है। किसी भी तरह की खान-पान की सामग्री नहीं ले जा सकते हैं।  ताजमहल के अंदर किसी न्यूज चैनल की आईडी और किसी भी तरह का माइक नहीं ले जाया जा सकता है। ताज के मुख्य गुंबद में कोई भी व्यक्ति जूते पहन कर नहीं जा सकता है।