Auraiya Woman killed son: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति की मौत के बाद एक महिला ने अपने तीन बच्चों को नदी डुबोकर मार डाला। आठ वर्षीय बड़े बेटे ने नदी से किसी तरह भागकर जान बचाई। पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर मां को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, मृत बच्चों के शव पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिए हैं।   

Auraiya Mother Killed Her 3 Son

वारदात फफूंद कोतवाली क्षेत्र के सेंगर नदी केशमपुर घाट की है। एसपी चारू निगम के मुताबिक, प्रियंका गुरुवार सुबह अपने चारो बच्चों सोनू, आदित्य (6), माधव (4) और डेढ़ साल के मंगल को लेकर ऑटो से निकली। घर से निकलते समय ताई गीता को फोन कर बताया कि बच्चों को लेकर मरने जा रही हूं। इसके बाद फोन काट दिया। 

बेटे ने बयां की कहानी 
8 वर्षीय बच्चे सोनू ने पुलिस को बताया, मां का नाम प्रियंका है। वह बसरेहर गांव में रहती है। डेढ़ साल पहले करंट की चपेट में आने से पिता अवनीश की मौत हो गई है। इसके बाद मां ने चचेरे देवर आशीष के साथ रह रही थी। कुछ समय से दोनों में झगड़ा चल रहा है। 

मां ने कुछ खिलाया और नदी में धकेल दिया
सोनू ने पुलिस को बताया कि हम लोगों को लेकर मां नदी किनारे आई। यहां तीन भाइयों को कुछ खिलाया और फिर नदी में धकेल दिया। नदी में गिरते ही पहले आदित्य फिर माधव और उसके बाद मंगल को डुबो दिया। मां मेरी तरफ दौड़ी तो मैं पानी से बाहर निकलकर भाग गया। 

एसपी चारू निगम ने बताया कि नदी के पास कुछ लोगों को आते देख महिला बेटे सोनू को छोड़कर भाग गई। मृत बच्चों के मुंह से झाग आ रहा था। गोताखोरों ने डेढ़ साल के मासूम का शव नदी से बरामद किया है। 

पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है, लेकिन वह कुछ भी बताने को नहीं है। बच्चों के नाना समेत परिजन पहुंच गए हैं। महिला ने इस वारदात को अंजाम क्यों किया, अब तक स्पष्ट नहीं है। परिवार के अन्य लोगों से भी भी पूछताछ की जा रही है। तीनों बच्चों के शव मर्चुरी भेज दिए गए हैं।