Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन से पहले आवागमन की सुविधा आसान बनाने हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। शहर की सड़कें दुरुस्त कर उन्हें नेशनल हाइवे और एक्सप्रेस-वे से जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जा रहे हैं। अयोध्या में वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन और इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ 100 इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रिक कार, इलेक्ट्रिक ऑटो भी संचालित हैं, जो अपेक्षाकृत कम किराये पर श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन करा रहे हैं।  

यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया, अयोध्या में श्रद्धालुओं को परिवहन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हों, इसके लिए विभाग के सभी अधिकारी कर्मचारियों को मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। निजी बस ऑपरेटर्स, ओला, उबर के मालिकों के साथ वार्ता कर बेहतर परिवहन सेवा मुहैया कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

अयोध्या में सड़क मार्ग

  • अयोध्या में सड़क व्यवस्था बेहरत है। राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे से शहर से कई सड़कें जोड़ती हैं। एनएच-28 शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर अयोध्या की सीमा से होकर गुजरता है। घाघरा नदी से गुजरते हुए एनएच-28 अयोध्या को राम कथा पार्क क्षेत्र में छूता है। यह इलाका राज्य राजमार्ग यूपी एसएच-9 से भी जुड़ा है। यानी एन-28 और यूपी एनएच-9 से सीधी अयोध्या में प्रवेश कर सकते हैं। 
  • यूपी एसएच-9 घाघरा नदी से होकर गुजरता है। थेरी बाजार में शहर को छूता है। राम कथा पार्क क्षेत्र में यह एनएच 28 में मिल जाता है। एनएच-28 की लंबाई 570 किमी है और यह राजधानी लखनऊ को अयोध्या के साथ बिहार के बरौनी शहर को भी जोड़ता है। 
  • श्रद्धालु एनएच-28 के जरिए अयोध्या से लखनऊ, फैजाबाद, गोरखपुर और मुजफ्फरपुर आसानी से पहुंच सकते हैं। यूपी एसएच-9 अयोध्या के समीपी इलाकों जैसे मांझा कला, कटरा शिवदयालगंज, शोभापुर, हरिहरपुर, चंदापुर, आदर्श पुरम, मंदाकिनी नगर, दीनदयाल नगर, करौंदिया, जोगीतारा, नाका और आसपास के अन्य इलाकों को जोड़ता है।
  • एनएच-28 और यूपी एसएच-9 अयोध्या के हरिकरपुरे, सुल्तानपुर बछड़ा, आशापुर और साकेतपुरी इलाकों में अयोध्या की निचली सीमा बनाते हैं। एनएच-28 अयोध्या को ग्रामीण क्षेत्र महेशपुर, कटरा भोगचंद, जफरापुर, केशवपुर, राम नगर, मदोई, मुंडेरीपुर, विक्रमजोत, कौलपुर, पचवस सहित अन्य इलाकों से जोड़ता है।
  • अयोध्या शहर के अंदर प्रमुख रूप से चौक अयोध्या रोड, कोसी परिक्रमा रोड, पनकोसी ऑर्बिटिंग पथ रोड, दंत धवन कुंड-अहिराना मार्ग रोड, तुलसी बाड़ी सड़कें हैं, जो आसपास के अन्य अलाकों को जोड़ती हैं।

लखनऊ से अयोध्या (Lucknow to Ayodhya) ऐसे पहुंचें

लखनऊ से अयोध्या की दूरी लगभग 135 किमी है। कार से 2.40 घंटे में पहुंच सकते हैं। इसके लिए तीन प्रमुख रूट हैं। पहला रूट कमता से चिनहट-मटियारी और बाराबंकी होते हुए लखनऊ से अयोध्या पहुंचा जा सकता है। दूसरा रास्ता सुल्तानपुर रोड से है। इसके अलावा अहिमामऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होते हुए अयोध्या जाया जा सकता है। तीसरा रास्ता अहिमामऊ से सुल्तानपुर रोड होते हुए किसान पथ से इंदिरा नहर के पास उतरकर बाराबंकी होते हुए जा सकते हैं। 

दिल्ली से अयोध्या (Delhi to Ayodhya) ऐसे जाएं 

दिल्ली से अयोध्या जाने के लिए दो मार्ग हैं। पहला मथूरा-आगरा होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे से 10 घंटे में अयोध्या पहुंच सकते हैं। इस रूट से राममंदिर 678 किमी पड़ेगा।  वहीं दूसरा मार्ग गढ़मुक्तेश्वर और बरेली होकर अयोध्या जाता है। इसमें 11.30 घंटे लग सकते हैं। एनएच-9, एनएच-530 और एनएच-27 से होकर जाएंगे। इस रूट से अयोध्या 649 किमी पड़ेगा। 

अन्य शहरों से ऐसे पहुंचें अयोध्या 

  • प्रयागराज से अयोध्या (Prayagraj to Ayodhya)की दूरी 169 किमी है। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-330 से होकर 4 घंटे 20 मिनट में पहुंचा जा सकता है। 
  • पटना से अयोध्या (Patna to Ayodhya)की दूरी 412 किमी है। एनएच 922 और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से होते हुए 7 घंटे 20 मिनट में अयोध्या पहुंचा जा सकता है। आजमगढ़ या गोरखपुर होकर भी जा सकते हैं। 
  • कानपुर से अयोध्या (Kanpur to Ayodhya)की दूरी 231 किमी है। लखनऊ फैजाबाद मार्ग एनएच 27 से 4 घंटा 53 मिनट और एनएच-27 और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से 4.46 घंटे में पहुंचा जा सकता है। 
  • भोपाल से अयोध्या (Bhopal to Ayodhya)की दूरी 781 किमी है। झांसी कानपुर होते हुए लगभग 16 घंटे पहुंचा जा सकता है। 
  • रांची से अयोध्या (Ranchi to Ayodhya)की दूरी 667 किमी है। पूर्वांचल एक्सप्रेस से होते हुए 13 घंटे में पहुंचा जा सकता है।