बुलंदशहर: नेशनल हाईवे पर दौड़ रहे ट्रक ने सड़क किनारे गाड़ी का टायर बदल रहे किसानों को रौंदा, 3 की दर्दनाक मौत

Bulandshahr Road Accident: बुलंदशहर में गुरुवार (24 अक्टूबर) को भीषण हादसा हो गया। कासगंज से धान बेचने जहांगीराबाद मंडी जा रहे 4 किसानों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। एक्सीडेंट में तीन की मौके पर ही मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। दर्दनाक हादसा अलीगढ़ मुरादाबाद नेशनल हाईवे-509 पर दानपुर गांव के पास हुआ। सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।
गाड़ी का टायर बदल रहे थे
जानकारी के मुताबिक, कासगंज से धान बेचने जहांगीराबाद मंडी जा रहे किसानों की मैक्स गाड़ी का टायर रास्ते में पंचर हो गया। अलीगढ़-मुरादाबाद नेशनल हाईवे किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदलने लगे। तभी अलीगढ़ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने चार लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। हादसे में सतीश चंद्र, राम सिंह और संजू सिंह की मौके पर मौत हो गई। विजय घायल है।
हाईवे पर चारों तरफ बिखर गया धान
हादसे के बाद हाईवे पर चारों तरफ धान बिखर गया। मैक्स गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस किसानों को रौंदने वाले ट्रक चालक का पता लगा रही है। पुलिस ने मृतक के परिवार वालों को भी सूचना दे दी है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS