Fatehpur Accident: फतेहपुर में बुधवार (16 अक्टूबर) भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जाकर घुस गई। कार सवार तीन में दो की मौके पर मौत हो गई। एक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा। तीन की मौत के बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।  

कार के उड़े परखच्चे
पुलिस के मुताबिक, कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार में बलेनो कार कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पास हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। कार में सवार मनोज शुक्ला (65), अविनाश चन्द्र (64) सहित एक अन्य की मौत हो गई। 

एक की पहचान नहीं 
हादसा में कार का एयर बैग फट गया। इसलिए कार में सवार लोगों की जान नहीं बच पाई। पुलिस ने बताया कि दो मृतकों की शिनाख्त हो गई है। एक मृतक अभी अज्ञात है। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। तीनों मृतक कन्नौज जिले के रहने वाले थे।

झांसी: ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने 3 की मौत 
झांसी में बुधवार सुबह ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने 3 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर खेत की कटाई करने जा रहे थे। तभी हादसा हो गया। पुलिस ने बताया मृतकों में पिता पुत्र शामिल हैं। पंचनामा और मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है।