Samajwadi Party MLA Dr. Shiv Pratap Yadav : उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. शिव प्रताप यादव का निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। दिल्ली में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। गैसड़ी विधानसभा से विधायक थे। डॉ यादव के निधन की जानकारी समावादी पार्टी ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया एकाउंट X पर पोस्ट जारी कर दी है। सपा ने उनके निधन को दुखत बताते हुए परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। 

डॉ शिव प्रताप यादव 2022 में चौथी बार उत्तर प्रदेश की गैंसरी विधानसभा से निर्वाचित हुए थे। इससे पहले समाजवादी सरकार में 2 बार मंत्री रह चुके थे। मुलायम सिंह के बेहद करीबी व भरोसेमंद नेता माने जाते थे। 2022 के यूपी चुनाव में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के शैलेश कुमार सिंह को 5837 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। 

डॉ एसपी यादव का राजनीतिक सफर 

  • डॉ एसपी यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य थे। वह जय प्रकाश नारायण और चंद्रशेखर जैसे समाजवादियों के साथ काम कर चुके हैं। 
  • सामान्य किसान परिवार में जन्मे डॉ एसपी यादव ने गोरखपुर विव से स्नातक की पढ़ाई की। कैमिस्ट्री के प्राध्यापक और फिर जीव विज्ञान विभाग के हेड भी रहे। 
  • डॉ एसपी यादव 1993 में पहली बार गैसडी विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। 2002 में मुलायम सरकार में कृषि राज्यमंत्री बनाए गए।
  • 2012 में अखिलेश यादव सरकार में जंतु एवं उद्यान मंत्री व स्वास्थ्य राज्यमंत्री रहे। 2022 के में चौथी बार विधायक चुने गए। 
  • डॉ एसपी यादव के दो पुत्र आदर्श और राकेश हैं। बेटी सीमा यादव दिल्ली में रहती हैं। वह गोंडा और बलरामपुर के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं।