Uttar Pradesh Crime News: उत्तरप्रदेश के एटा में हैरान करने वाली घटना हुई। प्रेम-प्रसंग के चलते पिता ने बेटे के साथ मिलकर बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। चोरी छिपे खेत में शव का अंतिम संस्कार करने लगे, तभी पुलिस पहुंची तो दोनों भाग गए। पुलिस ने लड़की का चिता से अधजला शव उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना एटा के नयागांव थाना क्षेत्र के गाही गांव की है। युवती के पेट पर गोली लगने के निशान मिले हैं। पुलिस ने पिता और भाई के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी पिता और भाई परिवार समेत फरार हैं।

मौत होते ही अस्पताल से शव लेकर फरार 
पुलिस के मुताबिक, सपना (20) का किसी लड़के से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जिसका उसके घरवाले विरोध कर रहे थे। घर में इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद अचानक गोली चलने की आवाज आई। इसके बाद लड़की के पिता और भाई उसे खून से लथपथ हालत में लेकर अस्पताल गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़की की मौत की भनक लगते ही पिता और भाई उसके शव को लेकर अस्पताल से भाग आए। खेत में लकड़ियां इकट्ठा कर चिता बनाई और अंतिम संस्कार करने लगे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस आते देख आरोपी पिता और भाई फरार हो गए।

पिता का वीडियो: लड़की ने खुद गोली मारी
लड़की के पिता का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में पिता कह रहा है कि बेटी ने अपने आप को खुद गोली मारी है। हम तो उसे बचाने के लिए अस्पताल लेकर आए थे। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत बताया है।अब शव घर लेकर जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जलती चिता से लड़की के शव को उठाया है। बॉडी का काफी हिस्सा जल चुका था। जांच में गन शॉट दिखा है, जिसके चलते शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

घर में कई जगह मिले खून के निशान 
पुलिस ने आरोपियों के घर में जांच की तो कई जगह खून के निशान मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने भी जांच-पड़ताल कर सबूत जुटाए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पिता और भाई पर हत्या का केस दर्ज किया है। दोनों ही पूरे परिवार के साथ घर छोड़कर फरार हैं। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।