Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में गौर सिटी के पास बुधवार सुबह सड़क किनारे ढाबे में भीषण आग लग गई। ढाबे में सिलेंडर भी रखे थे। सिलेंडर में विस्फोट होने पर आसपास अफरा तफरी मच गई। आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया। सूचना पाकर पहुंची दमकल की 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। 

इस अग्निकांड में कुल 8 दुकानें जलकर राख हो गईं। इनमें 6 ढाबा और 2 दुकानें शामिल हैं। लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ है।

Watch Video...

सुबह 7 बजे की घटना
यह पूरी घटना ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में चार मूर्ति चौक के पास की है। यहां शेरे पंजाब ढाबा है। सुबह करीब सात बजे इस ढाबे में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। पूरा इलाका धुएं के गुबार से घिर गया। सड़क पर आने जाने वालों ने जब लपटों को देखा तो दमकल विभाग को सूचना दी गई।

जानकारी मिलने के बाद तुरंत दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर रवाना हो गए। सिलेंडर में विस्फोट से आसपास के लोग सहम उठे। आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। 

अब कूलिंग ऑपरेशन जारी
सीएफओ प्रदीप कुमार ने कहा कि हमें गौर सिटी सर्कल में कुछ ढाबों में आग लगने की सूचना मिली थी। अग्निशमन सेवा की गाड़ियां मौके के लिए रवाना हो गईं। हमने छह ढाबों और दो दुकानों में आग लगी हुई पाई। 10 दमकल गाड़ियां यहां हैं। हमने आग पर काबू पा लिया है, कूलिंग ऑपरेशन जारी है। घटना में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ है।