आगरा। उत्तरप्रदेश के आगरा में मंगलवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने एक-एक कर 20 वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद डेढ़ किलो मीटर तक सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन और दर्द से कराहते लोग ही नजर आ रहे थे। इस दुर्घटना में तीन लोगों ने जान गंवा दी और छह लोग घायल हो गए। कंटेनर की टक्कर से बाइक में आग भड़क गई। 

3 की मौत और 6 लोग घायल
घटनाक्रम सिकंदरा थाना क्षेत्र का है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया, मंगलवार शाम 7 बजे मथुरा की तरफ से आ रहे कंटेनर ने पहले सामने चल रही कैब को टक्कर मारी थी। जिसके बाद कैब कार से टकरा गई। इसके बाद तेज रफ्तार कंटेनर कैलाश मोड़ से गुरु का ताल गुरुद्वारा तक जो भी वाहन मिला रौंदता गया। इस दौरान एक बाइक में टक्कर के बाद आग लग गई। हादसे में 3 की मौत और 6 लोग घायल हुए हैं। तीनों मृतक बाइक पर सवार थे। घायल एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए हैं।  
 

हादसे के बाद सड़क पड़े दुर्घटनाग्रस्त वाहन

हादसे के बाद बढ़ा दी वाहन की रफ्तार
एक्सीडेट के बाद कंटेनर चालक भागने की फिराक में था। उसने वाहन की स्पीड बढ़ा दी थी, स्थानीय लोगों ने पीछा कर लिया और जैसे ही थाने के पहले रफ्तार कम की वह कंटेनर पर चढ़ गए। कंटेनर में ड्राइवर से मारपीट शुरू कर दी। बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी उसने फिर वाहन की स्पीड बढ़ा दी।