Logo
election banner
Jay Prakash Narayan : लखनऊ में लोकनायक जय प्रकाश नारायण की जयंती पर जारी घमासान के बीच अखिलेश यादव ने शुक्रवार, 11 अक्टूबर को बड़ा दांव चला है। उन्होंने कहा-बिहार के सीएम नीतीश कुमार को ऐसी सरकार से समर्थन वापस ले लेना चाहिए।

Jay Prakash Narayan: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लोकनायक जय प्रकाश नारायण की जयंती पर बवाल जारी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोमती नगर स्थित जेपीएनआईसी जाने से रोके जाने पर योगी सरकार पर निशाना साधा। साथ ही कहा, वर्तमान में बहुत से समाजवादी लोग हैं, जो जेपी आंदोलन से निकले हैं और सरकारें चला रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इनमें से एक हैं, उन्हें उस सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए, जो समाजवादियों को जय प्रकाश नारायण की जयंती पर श्रद्धांजलि देने की अनुमति नहीं दे रही है। 

अखिलेश यादव ने और क्या कहा-

  • सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, जयप्रकाश नारायण की जयंती के दिन JPNIC के म्यूजियम में जयंती मनाते हैं, लेकिन सरकार हमें रोक रही है। माल्यार्पण नहीं करने दे रही। भाजपा ने हर अच्छा काम रोका है। हम सड़क पर खड़े होकर अगर जयप्रकाश नारायण को याद करते हैं तो यह सरकार उससे भी रोकना चाहती है। 
  • अखिलेश यादव ने कहा, जयप्रकाश नारायण के नाम पर बनी यह इमारत इसलिए ढंकी गई है, क्योंकि उसके कोई पीछे साजिश है। सरकार उसे बेचना चाहती है। ऐसी सरकार जो म्यूजियम बेच रही हो, उससे क्या उम्मीद कर सकते हैं।
  • समाजवादी लोग हर साल उनकी जयंती मनाते रहे हैं और आगे भी मनाते रहेंगे। हम लोग वहीं जाकर जयप्रकाश नारायण को सम्मान देंगे। यह सरकार गूंगी-बहरी तो है ही, आज इसे दिखाई भी नहीं दे रहा। सही मायने में यह विनाशकारी सरकार है। 

दरअसल, अखिलेश यादव ने शुक्रवार सुबह 10 बजे जेपी की प्रतिमा पर मार्ग्यापण करने का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने उनके घर को घेर लिया। बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता गोमती नगर स्थित JPNIC और अखिलेश यादव के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस पर अखिलेश यादव ने आवास परिसर स्थित जेपी की मूर्ति पर मार्ल्यापण किया। 

जंजीर पहनकर पहुंचा सपा कार्यकर्ता 
समाजवादी पार्टी का एक कार्यकर्ता खुद को जंजीरों में बांधकर अखिलेश यादव के आवास पहुंचा। हालांकि, पुलिस बैरिकेडिंग के चलते वह अंदर नहीं जा सका। पुलिस ने रोका तो वह सड़क पर ही आंदोलन करने लगा। जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को सील कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: Lucknow: क्या है JPNIC? जय प्रकाश नारायण की जयंती पर क्यों हो रहा बवाल, जानें सब कुछ 

मंत्री जयवीर सिंह की सफाई

  • सपा प्रमुख अखिलेश यादव के दौरे से पहले JPNIC को सील करने पर यूपी सरकार के मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, अखिलेश यादव और उनके कार्यकर्ताओं ने पिछले साल भी जबरन JPNIC दीवारें फांदकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था। बंद पड़ी इमारतों में माल्यार्पण की अनुमति नहीं दी जा सकती। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने एक दिन पहले ही अखिलेश यादव को अवगत करा दिया था कि JPNIC में माल्यार्पण की अनुमति देना संभव नहीं है। 
  • मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, अखिलेश यादव अगर भ्रष्टाचार की बात कर रहे हैं तो JPNIC का निर्माण उन्हीं के कार्यकाल में हुआ था। 2017 के बाद वहां कोई काम नहीं हुआ। भ्रष्टाचार का कोई आरोप है तो अखिलेश यादव के कार्यकाल के हो सकते हैं। 
  • मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि कहीं से दी जा सकती है। उनके बारे में सम्मान और आस्था का भाव कहीं से प्रकट किया जा सकता है। समाजवादी पार्टी की जो फितरत रही है, यह उसी का हिस्सा है।

कांगेस ने भी उठाए सवाल 
जयप्रकाश नारायण की जयंती पर JPNIC सील करने और अखिलेश यादव को मार्ल्यापण करने से रोकने पर कांग्रेस ने भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, किसी भी जगह जहां लोकतंत्र है, वहां कोई श्रद्धांजलि देने भी नहीं जा सकता।

सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि उस जगह पर क्या करना है या क्या नहीं करना। ताकि, JPNIC में जो निर्माण कार्य हो रहा है, उसे क्षति न पहुंचे, लेकिन आप किसी को रोक देंगे, उनके घर के बाहर पुलिस लगा देंगे या घेराबंदी कर देंगे। यह कहां का लोकतंत्र है?"

अवधेश बोले-यह लोकतंत्र के माथे पर कलंक 
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि इस देश को आजादी दिलवाने वाले लोगों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से रोका जा रहा है। उन्हें ढका जा रहा है। यह देश की आजादी और लोकतंत्र के माथे पर कलंक है, जिसे समाजवादी पार्टी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

5379487