Lucknow Beggars Income: बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित शहर के मुख्य चौराहों पर अक्सर कुछ लोग भीख मांगते दिख जाते होंगे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह लोग रोजाना कितना कमाते हैं? लखनऊ नगर निगम की सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ भिखारी नौकरी पेशा लोगों से ज्यादा कमाई करते हैं। उनकी प्रतिदिन की इनकम 2 से 3 हजार के करीब है।  

दरअसल, उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग, डूडा और लखनऊ नगर निगम ने शहर के चौक चौराहों पर भीख मांगने वाले लोगों का सर्वे कराया है। रिपोर्ट के अनुसार, 5312 भिखारियों से फार्म भरवाया गया। इसमें उन्हें अपना नाम-पता और आधार नंबर के अलावा प्रतिदिन की आय और सुविधाओं की जानकारी देनी थी। 

लखनऊ में 63 लाख रोजाना भीख दे रहे लोग 
सर्वे के मुताबिक, लखनऊ के अलग अलग हिस्सों में प्रतिदिन लोग 63 लाख रुपए के आसपास भीख दे देते हैं। सर्वे में शामिल 5312 लोगों में इसे डिवाइड करें तो भिखारियों की औसत आय 1100 रुपए के आसपास होती है। लेकिन इसमें समानता नहीं है। कुछ लोग 500 तो कुछ 3 हजार रुपए तक रोजाना भीख मांग लेते हैं। 

भीख मांगने में पुरुषों से आगे महिलाएं
लखनऊ शहर में भिखारियों के सर्वे के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। टीम में शामिल कर्मचारी अलग-अलग हिस्सों में जाकर भिखारियों से फॉर्म भरवा रहे  हैं। इस दौरान कई चौकाने वाले खुलासे हुए हैं। सर्वे में पता चला कि भीख मांगने में महिलाएं पुरुषों से आगे हैं। 

भिखारियों के पास स्मार्टफोन
सर्वे के मुताबिक, लखनऊ में भीख मांगने वालों में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। लेकिन कमाई के मामले में महिलाएं आगे हैं। खासकर, गोद में बच्चा लेकर भीख मांगने वाली और गर्भवती महिलाएं रोजाना तीन हाजर तक कमा लेती हैं। उनके पास स्मार्ट फोन भी मौजूद है। कमाई यह आंकड़ा देखकर अधिकारी भी हैरान हैं। 

यह भी पढ़ें: CM योगी ने दिया बड़ा टॉस्क: UP में DM और कमिश्नर को करना होगा यह काम, अन्यथा बिगड़ जाएगी ACR 

चारबाग क्षेत्र में सर्वाधिक कमाई
लखनऊ में क्षेत्रवार बात करें तो सर्वाधिक कमाई चारबाग के भिखारी करते हैं। यहां मौजूद एक भिखारी ने सरकारी योजना का लाभ लेने से इनकार कर दिया। सर्वे टीम से उसने कहा, योजना का लाभ नहीं, बल्कि भीख मांगने की अनुमति चाहिए। सर्वे में सामने आए ज्यादातर भिखारी बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर और रायबरेली के रहने वाले हैं।