लखनऊ।  मैनपुर में  'हिट-एंड-रन' मामलों पर नए कानून का विरोध कर रहे बस-ट्रक ड्राइवरों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। बचाव में पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। दरअसल, मैनपुरी के करहल में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक रोककर ड्राइवर प्रदर्शन कर रहे हैं। चक्काजाम करते हुए प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। कुछ ट्रक ड्राइवरों ने पत्थर फेंके जिससे लोगों ने अपनी गाड़ियां रोक ली। बढ़ते विरोध को काबू करने पुलिस बल पहुंचा तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। स्थिति पर काबू पाया पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। बचाव में फायरिंग भी करनी पड़ी। 

पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया है
पुलिस का कहना है कि करहल में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कुछ ट्रक ड्राइवरों ने वहां से गुजरने वाले यात्रियों पर पत्थरबाजी की। पत्थरबाजी को देखकर लोगों ने अपनी गाड़ियां एक्सप्रेसवे पर रोक ली। आनन-फानन में मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। 

पूरे उत्तरप्रदेश में हड़ताल का असर
हिट एंड रन कानून के विरोध का असर पूरे उत्तरप्रदेश में देखने को मिल रहा है। गोरखपुर में भी चक्काजाम के कारण बसों के पहिए थमे हैं। रोडवेज पर यात्रियों की सुबह से भीड़ लगी है। बस न चलने से यात्री परेशान हैं। इटावा में भी हड़ताल का व्यापक असर है। फतेहपुर जिले में पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह से हड़कंप मच गया। लोगों का कहना है कि हम लोगों को जानकारी मिली की ड्राइवरों की हड़ताल के कारण पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल खत्म होने वाला है, इसलिए हम लोग अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने आए हैं।

एमपी के खरगोन में भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस
मध्यप्रदेश के खरगोन में पुलिस और प्रदर्शनकारियों में बहस हो गई। हल्की झड़प भी हुई। पता चला है कि प्रदर्शनकारी लोडेड वाहन रोक रहे थे, अव्यवस्था फैलने पर मामला गरमा गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें सड़क से दूर किया।