Logo
Agra Taj Mahal: मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू मंगलवार (8 अक्टूबर) को यूपी के आगरा पहुंचे। मुइज्जू ने अपनी पत्नी साजिदा मोहम्मद के साथ ताजमहल का दीदार किया। दोनों ने ताजमहल का इतिहास और शाहजहां की लव स्टोरी जानी।

Agra Taj Mahal: मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू मंगलवार (8 अक्टूबर) को यूपी के आगरा पहुंचे। मुइज्जू ने अपनी पत्नी साजिदा मोहम्मद के साथ ताजमहल का दीदार किया। ताजमहल की खूबसूरती को देखने के बाद मुइज्जू ने अपने गाइड से कहा कि मैं जितना सोचता था, ये तो उससे भी ज्यादा खूबसूरत है। राष्ट्रपति मुइज्जू और उनकी पत्नी ने ताजमहल का इतिहास और शाहजहां की लव स्टोरी के बारे में जानकारी ली। साजिदा ने गाइड से पूछा कि इसे कितने लोगों ने बनाया। बनाने वाले आज कहां रहते हैं। गाइड ने जवाब दिया कि ताजगंज एरिया में उनकी पीढ़ी से जुड़े कई परिवार आज भी रहते हैं। 

दो घंटे तक पर्यटकों की एंट्री रोक दी गई
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू मंगलवार को सुबह आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुइज्जू का स्वागत किया। मुइज्जू का सुबह 8:55 से 9:55 बजे तक ताजमहल दौरा निर्धारित था। राष्ट्रपति के दौरे के कारण पर्यटकों की एंट्री अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। राष्ट्रपति के आगमन से आधे घंटे पहले सभी पर्यटकों को ताजमहल से बाहर निकाल दिया गया। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी गेट पर टिकट विंडो भी बंद रही। ताजमहल का दौरा पूरा करने के बाद मुइज्जू सुबह 10:50 बजे आगरा एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हो गए।  

राष्ट्रपति मुइज्जू ने फोटो क्लिक कराई
बता दें कि गोल्फ कार्ट में बैठकर मुइज्जू और उनकी पत्नी ताजमहल पहुंचे। ताजमहल में पत्नी के साथ राष्ट्रपति मुइज्जू ने फोटो क्लिक कराई। मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने ताजमहल का मोमेंटो राष्ट्रपति मुइज्जू को सौंपा। मुइज्जू और उनकी पत्नी साजिदा ने ताजमहल की खूबियां जानीं। योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भारत और मालदीव के मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत बनाए रखने के लिए यह ऐतिहासिक पल है।

6 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचे थे मुइज्जू
राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू रविवार (6 अक्टूबर) की शाम नई दिल्ली पहुंचे थे। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में उनका स्वागत किया गया। भारत दौरे पर राष्ट्रपति मुइज्जू ने कहा कि उनके देश की 'मालदीव फर्स्ट' की नीति से भारत के संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मुइज्जू ने यह भी कहा कि मालदीव कभी भी ऐसा कुछ नहीं करेगा, जिससे भारत की सुरक्षा को नुकसान पहुंचे।  

सत्ता में आते ही भारत के खिलाफ दिया था बयान
बता दें कि मुइज्जू ने मालदीव में सत्ता में आते ही भारत के खिलाफ बयान दिया था। मुइज्जू ने कहा था कि भारत अपनी सेना को नहीं हटाएगा तो यह मालदीव के लोगों की लोकतांत्रिक आजादी का अपमान होगा। मुइज्जू ने भारतीय सैनिकों की मौजूदगी को मालदीव में लोकतंत्र के भविष्य के लिए खतरा भी बताया था। लेकिन अब मोहम्मद मुइज्जू के तेवर ठंडे पड़ गए हैं। मुइज्जू अब पीएम मोदी से मिलने अपनी पहली राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं। इससे पहले वह जून में पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने नई दिल्ली आए थे।

5379487