Meerut Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लोहिया नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात 25 वर्षीय एक हिस्ट्रीशीटर की उसके दो बच्चों के सामने ही हत्या कर दी गई। वह दोनों बच्चों को लेकर स्विमिंग पूल गया था। सिर में गोली लगने से युवक फर्श पर गिर पड़ा। आसपास भगदड़ मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना वहां लगे CCTV में कैद हुई है।

सीसीटीवी फुटेज में पीड़ित और आरोपी के बीच टकराव दिख रहा है। फिर एक व्यक्ति उन्हें अलग करने की कोशिश करता है, जबकि पीड़ित अपना फोन देख रहा होता है। अचानक आरोपी जेब से तमंचा निकालता है, पीड़ित पर तानता है और उसके कनपटी पर फायरिंग कर देता है। सिर में गोली लगने के बाद पीड़ित जमीन पर गिर जाता है और उसके आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगते हैं।

घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पीड़ित को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

जरूरी सूचना: सीसीटीवी फुटेज पाठकों को विचलित कर सकते हैं। दर्शकों को विवेक से काम लेने की सलाह दी जाती है। 

कपड़ों का कारोबार करता था युवक
मेरठ के जैदी फार्म निवासी अमीर अहमद का बेटा अरशद (25 साल) कपड़ों का कारोबार करता है। वह मंगलवार रात करीब 9 बजे अपने दो बच्चों के साथ लोहिया नगर के जुर्रानपुर फाटक के पास स्विमिंग पूल में नहाने गया था। इसी दौरान उसका बिलाल नामक व्यक्ति से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान बिलाल ने तमंचा निकालकर अरशद के सिर में गोली मार दी। 

अरशद घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। लोगों ने बताया कि बिलाल और अरशद के बीच कुछ दिनों से झगड़ा चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित
नगर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर बिलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई है।