Meerut Kashi Toll Plaza: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर काशी टोल प्लाजा पर एक कार ड्राइवर की गुंडई देखने को मिली। आरोपी ड्राइवर ने टोल प्लाजा की एक महिला कर्मचारी को बहस के बाद अपनी कार ने कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।

टोल प्लाजा मैनेजर के मुताबिक, झगड़ा तब शुरू हुआ जब कार के ड्राइवर से टोल मांगा गया। इसके बाद उस व्यक्ति ने दुर्व्यवहार किया और स्टाफ सदस्य के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। घटना सोमवार शाम की है।   

देखिए हादसे का CCTV...

सुभारती अस्पताल में भर्ती महिला
सीसीटीवी में कैद हुई घटना के वीडियो में दिख रहा है कि कार का ड्राइवर महिला कर्मचारी से बात कर रहा है। तभी उसे अचानक कार की स्पीड बढ़ा दी। जिसके कारण कर्मचारी वाहन के बोनट पर गिर गई। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक ड्राइवर फरार हो गया। महिला कुछ दूर जाकर कार से नीचे गिर गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। 32 वर्षीय स्टाफ सदस्य को गंभीर चोटों के कारण मेरठ के सुभारती अस्पताल ले जाया गया।

टोल मांगने पर चढ़ाई कार
काशी टोल प्लाजा के मैनेजर अनिल शर्मा ने कहा कि दिल्ली से आ रही एक कार ने हमारे स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया। टोल मांगने पर स्टाफ सदस्य पर कार चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह एक गंभीर घटना है और प्रशासन को उचित कार्रवाई करनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

मैनेजर की तरफ से एक शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस जांच कर रही है। आरोपी ड्राइवर की पहचान करने के साथ उसकी गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है।