UP Weather: यूपी में लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जिसको लेकर मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूरे यूपी में वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी है। जिसके कारण अभी दिन और रात दोनों के समय सुकून नहीं मिलने वाला है।

मौसम विभाग के मुताबिक साल 2024 यूपी का अब तक का सबसे गर्म साल रिकॉर्ड किया गया है। वहीं गर्मी लगातार अपना कहर बरपा रही है। मई के महीने में ही अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। लेकिन अभी जून का महीना बाकी है। जून कितना गर्म रहेगा, इसको लेकर लगातार मौसम विभाग मॉनिटरिंग कर रहा है।

4 जून तक राहत नहीं
प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव के कारण प्रदेशवासियों का हाल बेहाल है। लखनऊ मौसम विभाग के मुताबिक अभी 4 जून तक गर्मी से राहत मिलती हुई दिखाई नहीं दे रही है। अभी और तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। फिलहाल प्रदेश में कानपुर, आगरा, बुलंदशहर, लखीमपुर खीरी और इटावा उरई जैसे जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी हैं। यहां का अधिकतम तापमान 45 से लेकर 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है।

कैसा रहेगा आज का मौसम
लखनऊ मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। कानपुर शहर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, हरदोई, गोरखपुर, वाराणसी, बलिया चुर्क, बहराइच, प्रयागराज में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से लेकर 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं इन जिलों का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से लेकर 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

सुल्तानपुर, फैजाबाद, फतेहपुर, बांदा, फुरसतगंज, गाजीपुर, झांसी, उरई, फतेहगढ़, बस्ती, हमीरपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से लेकर 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं इन जिलों में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से लेकर 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जबकि बरेली, शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, नजीबाबाद, मुरादाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर और इटावा में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।