Ayodhya Ram Mandir News Updates: अयोध्या में भव्य राम मंदिर उद्घाटन के लिए तैयार है। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों रामलला प्रतिमा गर्भगृह में स्थापित की जाएगी। 16 जनवरी से ही अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे। लेकिन 17 जनवरी को होने वाला नगर भ्रमण कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। यह फैसला श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने लिया। ट्रस्ट का कहना है कि 17 जनवरी को रामलला को नगर भ्रमण कराने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। नगर भ्रमण से भक्तों को अभिषेक समारोह से पहले पूरे अयोध्या शहर में राम लला की नई मूर्ति की एक झलक देखने का मौका मिलता।

अब सिर्फ मंदिर परिसर में भ्रमण
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अब नया कार्यक्रम बनाया है। इसके तहत उसी दिन 17 जनवरी को राम जन्मभूमि के परिसर के अंदर रामलला की नई मूर्ति का भ्रमण कराया जाएगा। 

Ram mandir Ayodhya

क्यों रद्द किया गया कार्यक्रम?
ट्रस्ट के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने भीड़ मैनेजमेंट को लेकर सतर्क किया है। सुरक्षा कारणों से ही अयोध्या भ्रमण कार्यक्रम रद्द किया गया है। यह निर्णय श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने काशी के आचार्यों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के बाद लिया।

अयोध्या जिला प्रशासन के अनुसार, बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल होगा, क्योंकि जब राम लला की नई मूर्ति शहर में निकाली जाएगी तो श्रद्धालु और तीर्थयात्रियों को रोक पाना मुश्किल होगा। भगवान रामलला के दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु नगर भ्रमण में शामिल हाेंगे। इससे सुरक्षा को लेकर भी खतरा है। 

Ram mandir Ayodhya

रामलला की प्रतिमा को 125 कलशों से कराया जाएगा स्नान
राम मंदिर अभिषेक समारोह की शुरुआत 16 जनवरी से होगी। हवन-पूजन के साथ शुरू होने वाले अनुष्ठान के बाद 21 जनवरी को रामलला को 125 कलशों से स्नान कराया जाएगा। अंत में उन्हें समाधि दी जाएगी। 22 जनवरी को रामलला की नई प्रतिमा का अभिषेक होगा। जिसे पीएम मोदी द्वारा संपन्न किया जाएगा।