Logo
Saharanpur Stone Pelting: उत्तरप्रदेश के सहारनपुर में बवाल हो गया। यति नरसिंहानंद के नबी की शान में गुस्ताखी करने के मामले में रविवार(6 अक्टूबर) को मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया।

Saharanpur Stone Pelting: सहारनपुर में रविवार(6 अक्टूबर) को बवाल हो गया। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद के पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए विवादित बयान पर जमकर हंगामा हुआ। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नारेबाजी करते हुए शेखपुरा पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस टीम पहुंची। अराजक तत्वों की पहचान और धरपकड़ करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पत्थरबाजी में कोई घायल नहीं हुआ है।   

मुंबई और गाजियाबाद में FIR
गाजियाबाद के लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में 29 सितंबर को आसाराम व्याग सेवा संस्थान के बैनर तले एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में डासना देवी मंदिर के पीठाधीश्वर यति नरसिंहानंद गिरि ने भी हिस्सा लिया। नरसिंहानंद ने अपने संबोधन में पैगंबर मोहम्मद साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। जिससे विवाद उत्पन्न हो गया। अब तक उनके खिलाफ गाजियाबाद 2 और मुंबई में 1 FIR दर्ज हो चुकी है।

NSA लगाने की मांग
कैराना से सपा सांसद इकरा हसन ने यति नरसिंहानंद पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें नफरती और पाखंडी करार दिया। इकरा का कहना है कि नरसिंहानंद के खिलाफ एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत कार्रवाई की मांग की। इकरा हसन ने कहा कि नरसिंहानंद जैसे ढोंगी और पाखंडी लोग अपनी नफरत भरी भाषा से समाज में जहर घोल रहे हैं। सांसद ने कहा कि हमारे प्यारे नबी की शान में गुस्ताखी की है, जिसे सहन नहीं किया जा सकता।

ज्ञापन देने पहुंचे थे 
जानकारी के मुताबिक, रविवार को मुस्लिम समाज के लोग शेखपुरा कदीम चौकी पर ज्ञापन देने पहुंचे थे। इस दौरान कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया। घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर पुलिस कड़ी नजर रख रही है। मुस्लिम संगठनों ने यति नरसिंहानंद की गिरफ्तारी की मांग की है।  

पुलिस ने बल प्रयोग कर खदेड़ा 
पुलिस के मुताबिक, लोगों ने पहले ज्ञापन चौकी पर सौंप दिया। इसके बाद कुछ नवयुवकों ने पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। बाद में कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और उन्होंने हंगामा और पथराव कर रहे हैं युवकों को बल प्रयोग कर वहां से भगा दिया।

5379487